पेरिस । फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुई अंधाधुंध फायरिंग में कई लोग हताहत हुए हैं। इस हमले में दो लोगों के मौत हुई है जबकि कई अन्य घायल हैं। सेंट्रल पेरिस में हुए इस हमले के बाद पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने एक संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार भी किया है। पुलिस ने हाईअलर्ट जारी करते हुए जगह-जगह चेकिंग शुरू कर दी है। अभी तक हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
फ्रांसीसी अधिकारियों ने कहा कि हमलावर की उम्र 60 साल के आसपास है। हमले को लेकर उसके इरादे स्पष्ट नहीं हैं। चार घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। हमले वाली जगह के एक दुकानदार ने बताया कि उसने सात या आठ गोलियां चलने की आवाज सुनी थी। फायरिंग के बाद आसपास मौजूद सभी लोग डर गए। हमने खुद को दुकान के अंदर ही बंद कर लिया था।