बरेली। बरेली में जमीनी रंजिश में दो पक्षों के बीच गैंगवार हो गया। इसमें दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। इस फायरिंग से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। गोली लगने से पीड़ित पक्ष के दो लोगों की मौत हुई है जबकि पूर्व प्रधान पक्ष से एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हुई है। इस घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हमले में घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
  फरीदपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव की यह वारदात है। ग्राम पंचायत कटका रमन के पास कुडरी के खेतों में सरदार परमजीत सिंह के झाले पर पूर्व प्रधान सुरेशपाल सिंह तोमर अपने साथ करीब 20 लोगों के साथ पहुंचा और जमीनी विवाद में कहासुनी के मामले ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई जिसमें परमजीत पक्ष से देवेंद्र और प्रवेंद्र नाम के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पूर्व प्रधान सुरेश पाल तोमर पक्ष से एक व्यक्ति गोली लगने से मारा गया।
  घायल एक शख्स को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। घटना की सूचना के बाद बरेली पुलिस के आला अधिकारियों सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि 2 वर्ष पहले भी यहां देशी रायफल से गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है इसमें हिस्ट्रीशीटर का नाम भी चर्चा में है। गैंगवार से आसपास के इलाके में दहशत है। बताया जा रहा है कि दोनों तरफ से फायरिंग हुई है जहां करीब आधा घंटे तक फायरिंग चलती रही। गोविंदपुर गांव तीन थानों का बॉर्डर है। 
  यह गांव तीन थानों फरीदपुर भमोरा और दातागंज थाने का बॉर्डर लगता है। भमोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा पार जमीन को लेकर पूर्व प्रधान सुरेश पाल सिंह तोमर और दूसरे पक्ष से परमजीत सिंह के बीच कई वर्षों से जमीनी विवाद चला आ रहा था। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामूली कहासुनी के बाद मामला तूल पकड़ गया। जानकारी के मुताबिक रायपुर हंस गांव से सुरेश पाल सिंह तोमर प्रधान रह चुके हैं। उनके बेटे भी रायपुर हंस से ही प्रधान रह चुके हैं। 3 पूर्व प्रधान और दूसरे पक्ष परमजीत सिंह के बीच ये गैंगवार हुआ है। घटना को लेकर एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि गन्ना काटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ जिसके बाद फायरिंग में एक पक्ष से 2 और दूसरे पक्ष से 1 व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।