नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा चल रही है। इसमें व्यस्त रहने के कारण राहुल गांधी 7 दिसंबर से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। केसी वेणुगोपाल ने कहा कांग्रेस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद 26 जनवरी से देश भर में ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ शुरू करेगी। 
इस अभियान के तहत ब्लॉक पंचायत और बूथ स्तर पर जनसंपर्क किया जाएगा। वेणुगोपाल ने बताया कि इसके तहत ब्लॉक पंचायत और बूथ स्तर पर लोगों से संपर्क साधा जाएगा। वेणुगोपाल ने बताया कि दो महीने तक चलने वाले इस अभियान में राहुल गांधी का पत्र भी लोगों को सौंपा जाएगा जिसमें यात्रा का संदेश होगा तथा उसके साथ नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ ‘आरोप पत्र’ भी लगा होगा।
वेणुगोपाल ने कहा आज कांग्रेस संचालन समिति की बैठक में शामिल नेताओं ने प्रमुख रूप से दो बातों पर चर्चा की। पहला हमारी कांग्रेस पार्टी का पूर्ण अधिवेशन जिसे हमने फरवरी के दूसरे पखवाड़े में आयोजित करने का फैसला लिया है। कांग्रेस संचालन समिति की बैठक के बाद कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि ये 3 दिवसीय सत्र होगा जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित किया जाएगा। संचालन समिति ने भारत जोड़ो यात्रा की समीक्षा की और भविष्य के लिए नए कार्यक्रमों पर चर्चा की। 
पार्टी ने 26 जनवरी से बड़े पैमाने पर ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ चलाने का फैसला किया है। वेणुगोपाल ने कहा कि यह दो महीने लंबा अभियान होगा। ये कहा गया कि बैठक में पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी में ‘ऊपर से नीचे’ तक जवाबदेही तय करने पर जोर दिया।
इस बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि बैठक के दौरान इस बारे में लंबी चर्चा हुई कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद आगे क्या होगा? कांग्रेस पार्टी को आगे क्या करना चाहिए? इसके लिए ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ नामक एक विशेष कार्यक्रम की योजना बनाई गई है। रमेश ने बताया कि ‘भारत जोड़ो’ यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंचेगी। 26 जनवरी को राहुल गांधी श्रीनगर में झंडा फहराएंगे और श्रीनगर में इसका समापन होगा।