मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा शनिवार को सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई थीं। इसके बाद उन्हें अपोलो हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। मलाइका अरोड़ा को इस हादसे में मामूली चोटें आई थीं, जो अब ठीक हैं। उन्हें रविवार सुबह यानी 3 अप्रैल 2022 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी ने एक पोस्ट में यह जानकारी दी है। उन्होंने कैप्शन में लिखा-मलाइका अरोड़ा जिनका कल एक्सीडेंट हुआ था अब वह घर वापस आ गई हैं।  वह पुणे में एक फैशन शो में भाग लेने गई थीं और घर वापस जाते समय उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया था। उनकी बहन अमृता अरोड़ा और अर्जुन कपूर रविवार सुबह अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद लौटे।'
इससे पहले मलाइका की बहन व अभिनेत्री अमृता अरोड़ा ने बताया था कि अब मलाइका की हालत अच्छी है। एक मैसेज में अमृता ने मलाइका के एक्सीडेंट की पुष्टि की और बताया कि मलाइका तेजी से अच्छी हो रही हैं। उन्हें कुछ समय के लिए ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा। 
मलाइका की कार का एक्सीडेंट 2 अप्रैल 2022 को मुंबई-पुणे हाईवे पर खोपोली के पास हुआ था। हादसा उस वक्त हुआ, जब मलाइका पुणे से लौट रही थीं और मुंबई-पुणे हाईवे पर खालापुर टोल प्लाजा के पास कुछ कारें आपस में टकरा गईं, इसमें उनकी रेंज रोवर कार भी शामिल थी। हादसे के बाद उन्हें नवी मुंबई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां मलाइका का सीटी स्कैन भी हुआ जो ठीक निकला।