श्रावस्ती: बौद्ध परिपथ पर भगवानपुर बनकट के निकट पिकअप वाहन की टक्कर से अयोध्या जलाभिषेक करने जा रहे बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

इकौना क्षेत्र के सोनरई निवासी रामकुमार अपने साथी अक्षय कुमार के साथ रविवार देर रात बाइक से अयोध्या स्थित नागेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे। बौद्ध परिपथ पर भगवानपुर बनकट के निकट लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्राली को ओवरटेक करने के चक्कर में पिकअप वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक रामकुमार की घटनास्थल पर की मौत हो गई। पीछे बैठे युवक को मामूली चोटे आईं हैं।

तो मौत बुला ले गई बौद्ध परिपथ : इसे संयोग ही कहा जाएगा। रामकुमार के गांव सोनरई से पयागपुर मार्ग को जोड़ने वाली सीधी सड़क है। इस पर जाकर युवक कम समय में पयागपुर मार्ग पर मदारा गांव पहुंच सकते थे, लेकिन रामकुमार ने अयोध्या जाने के लिए कम दूरी के सरल मार्ग को चुनने के बजाए लंबी दूरी के बौद्ध परिपथ का चयन किया। गांव के संपर्क मार्ग से बौद्ध परिपथ पहुंचने के बाद कुछ ही दूरी पर वह हादसे का शिकार हो गया।

बुझ गया घर का इकलौता चिराग : मृतक रामकुमार अपने पिता के इकलौते पुत्र थे। पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी। कुछ दिन पहले इकलौती बहन की भी मौत हो गई थी। घर में उनकी मां व पत्नी के अलावा दो मासूम बेटियां हैं। हादसे में परिवार के एकमात्र पुरुष सदस्य को छीन कर दो महिलाओं व दो मासूम बेटियों का सहारा छीन लिया।

हेलमेट लगाया होता तो बच सकती थी जान : सड़क हादसे में मृत युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। हादसे में मृतक के सिर पर गहरी चोट आई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसने यदि हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। हादसे की सूचना पहुंचते ही सोनरई गांव में मातम पसर गया। अधिकांश घरों के चूल्हे ठंडे ही रहे।