
हरैया सतघरवा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बनघुसरी के इटैहिया गांव में एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार पहाड़ी नाला हेगहा का पानी घुस गया है। पहाड़ों पर हुई बारिश के बाद नाले का जलस्तर बढ़ने से गांव में जनजीवन पर असर पड़ा है। गांव के मुख्य मार्ग, गलियां और स्कूल परिसर पानी में डूब गए हैं। इससे लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। बच्चों को भी स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य रास्तों पर पानी भरने से उन्हें पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। शेष राम, नान बच्चा, माधव राम, राम निकुन, छोटकऊ खान, रामकुमार वर्मा, सिपाही लाल, झाली गौतम, नन्ननु गौतम और घुरहू गौतम जैसे कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नाले की सफाई ठीक से नहीं हुई है, जिस वजह से पानी निकल नहीं पा रहा है। उनका कहना है कि हर बार बारिश होते ही गांव में पानी भर जाता है। ग्रामीणों ने नाले की ठीक से सफाई और इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उप जिलाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले डीएम के साथ नाले का निरीक्षण किया गया था। तब जेसीबी मशीन से नाले की खुदाई भी कराई गई थी। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद पुल बनाने का काम शुरू किया जाएगा।
































