
सिंदुरिया थाना क्षेत्र के हरिहरपुर टोला मोतीपुर के सामने देवरिया ब्रांच के रेगुलेटर पुल से गुरुवार को एक करीब 23 वर्षीय युवती ने नहर में छलांग लगा दी। वहां मौजूद ग्रामीणों ने फौरन उसे नहर से बाहर निकालकर बचा लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस से युवती को मिठौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया गया कि युवती की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। पति से तलाक के बाद वह अपने मायके में रह रही थी। गुरुवार को किसी बात को लेकर मायके वालों से उसकी कहासुनी हो गई। इससे नाराज होकर वह घर से निकल गई और नारायणी नहर के रेगुलेटर पुल पर पहुंचकर छलांग लगा दी। युवती के पिता विदेश में रहते हैं। घर पर उसकी मां, बहन और भाई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि युवती का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।
































