किचन गार्डन : घर की छत या बालकनी में तैयार होगी ताजा अदरक, जानें आसान तरीका घर पर खेती का

0
2
किचन गार्डन : घर की छत या बालकनी में तैयार होगी ताजा अदरक, जानें आसान तरीका घर पर खेती का

घर की छत या बालकनी में तैयार होगी ताजा अदरक – फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सर्दियों के मौसम में अदरक की मांग तेजी से बढ़ जाती है। यह न केवल रसोई की जान है, बल्कि सेहत का भी खजाना है। अदरक में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और औषधीय गुण पाए जाते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं और सर्दी-जुकाम से बचाते हैं। अच्छी बात यह है कि अदरक को अब आप अपने घर की छत, बालकनी या छोटे बगीचे में भी आसानी से उगा सकते हैं।

ऑर्गेनिक अदरक का करें चयन

अदरक उगाने की शुरुआत सही बीज से होती है। बाजार से खरीदी गई सामान्य अदरक की बजाय ऑर्गेनिक (जैविक) अदरक का चयन करें, क्योंकि साधारण अदरक को अक्सर रासायनिक रूप से अंकुरण-रोधी बना दिया जाता है। इससे अंकुर फूटने में दिक्कत आती है।

अदरक लगाने की तैयारी

अदरक के टुकड़ों को 2-3 सेंटीमीटर के हिस्सों में काटकर 1-2 दिन के लिए सूखने दें। इसके बाद 12-14 इंच गहरा और 12-15 इंच चौड़ा गमला चुनें, क्योंकि अदरक की जड़ें फैलाव वाली होती हैं। गमले के नीचे जल निकासी (ड्रेनेज) के लिए छेद होना जरूरी है ताकि अतिरिक्त पानी जमा न हो।

मिट्टी का सही मिश्रण

मिट्टी तैयार करते समय 50% मिट्टी, 40% गोबर की खाद और 10% रेत मिलाएं। यह मिश्रण अदरक की वृद्धि के लिए उपयुक्त होता है। अदरक के टुकड़ों को गमले में इस तरह रखें कि अंकुर वाला हिस्सा ऊपर की ओर रहे और फिर 1-2 इंच मिट्टी से ढक दें। गमले को ऐसी जगह रखें, जहां हल्की धूप और पर्याप्त नमी बनी रहे। मिट्टी को हमेशा नम रखें लेकिन अधिक गीलापन से बचें, क्योंकि इससे जड़ें सड़ सकती हैं।

4-5 महीनों में तैयार होगी फसल

अदरक की पत्तियां जब पीली होकर सूखने लगें, तो समझ लें कि फसल तैयार है। आमतौर पर 4-5 महीनों में आप ताजा हरी अदरक की कटाई कर सकते हैं। इस तरह थोड़ी सी मेहनत और देखभाल से आप अपने घर पर ही शुद्ध, ऑर्गेनिक और सुगंधित अदरक उगा सकते हैं। यह न केवल स्वास्थ्यवर्धक है बल्कि बाजार से रासायनिक अदरक खरीदने की जरूरत भी कम कर देता है।