पंडित राधेश्याम पांडेय सरस्वती इंटर कॉलेज मे हुआ कार्यक्रम
पंकज जायसवाल
चरदा, बहराइच।शुक्रवार को पंडित राधेश्याम पाण्डेय सरस्वती इंटर कॉलेज चर्दा (जमोग) में तीन दिवसीय बाल मेला व विज्ञान प्रदर्शनी कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख नवाबगंज जयप्रकाश सिंह ने कहा कि आज हर क्षेत्र में भारतीय वैज्ञानिकों ने अपनी पहचान बनाई है। ऐसा तब हुआ है जब हमारे बीच के नन्हे मुन्ने बच्चों को विज्ञान की बेहतर शिक्षा अध्यापकों ने दी है। मुख्य अतिथि श्री सिंह ने कहा कि अति पिछड़े क्षेत्र में प्रबंधक कौशलेंद्र पांडेय ने एक बेहतर शिक्षण संस्थान की स्थापना करीब 15 वर्ष पहले की थी। आज इस शिक्षण संस्थान से उत्तीर्ण होकर कई छात्र-छात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में अपना योगदान दे रहे हैं।



इस दौरान मुख्य अतिथि श्री सिंह ने तीन दिवसीय विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी के समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया तथा छात्र-छात्राओं से उनकी ओर से लगाए गए प्रोजेक्ट के संबंध में जानकारियां हासिल की। समापन कार्यक्रम में छात्र छात्राओं की ओर से बेहतर प्रस्तुति की गई। इससे पूर्व छात्र छात्राओं की ओर से 12 नवम्बर से प्रारम्भ इस तीन दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी व खेल प्रतियोगिता में कबड्डी, खो खो, रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। शुक्रवार को समापन के दिन विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए तथा विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमे विभिन्न प्रकार के मौसम लैंप प्रोजेक्ट, कार्बन पॉल्यूशन, वॉटर पॉल्यूशन, स्मोक से होने वाली बीमारी, एनर्जी पावर आदि से सम्बंधित प्रोजेक्ट तथा बच्चों द्वारा लगाये गये विभिन्न स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम आयोजन मे प्रबंधक कौशलेन्द्र पाण्डेय, बिजयलक्ष्मी पाण्डेय, अभय दीक्षित सहित शिक्षक अजय त्रिपाठी, जीबी पाठक, अनिल शर्मा, निसाद खान, अवनीश गुप्ता का विशेष योगदान रहा।
रिपोर्ट: पंकज जायसवाल

















