बस्ती में थाना रूधौली पुलिस ने स्वाट टीम और सर्विलांस सेल बस्ती के संयुक्त अभियान में एक हत्या का पर्दाफाश करते हुए आरोपी दिलीप कुमार अग्रहरि (37 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 21 नवंबर 2025 को सुबह लगभग 10:30 बजे बांसी मार्ग स्थित आमी नदी पुल के पास से हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने उसके पास से एक अवैध चाकू और मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच में पहले प्रेम-संबंध थे, जिसके चलते हुए विवाद में यह घटना हुई।
यह मामला तब सामने आया जब 20 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे रुधौली-भानपुर मार्ग पर कन्या स्कूल गिधार के पास एक धान के खेत में 27 वर्षीय महिला का क्षत-विक्षत शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक रूधौली सहित पुलिस बल, फॉरेंसिक टीम और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव पर गंभीर चोटों के निशान स्पष्ट थे। मृतका की पहचान प्रीति पत्नी बाबूलाल निवासी मोहल्ला इन्दिरा नगर (गंगुली), बांसी, सिद्धार्थनगर के रूप में हुई।

















