बस्ती, रुधौली। रुधौली विकासखंड की ग्राम पंचायत बनकटिया के राजस्व गांव बरवा में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। गांव की गलियों में कूड़ा-कर्कट का अंबार, नालियों में जमी सिल्ट और सड़ांध भरी दुर्गंध ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। स्थिति ऐसी है कि कभी भी संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है।


ग्रामीणों के अनुसार, बीते कई महीनों से गांव में नियमित सफाई नहीं हो रही है। तैनात सफाई कर्मी पर आरोप है कि वह महीने में एक-दो बार ही गांव आता है और खानापूर्ति के नाम पर किसी निजी व्यक्ति से सफाई करवाकर निकल जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान और सफाई कर्मी की मिलीभगत के चलते लापरवाही लगातार जारी है, जबकि महीने भर का वेतन नियमित रूप से निकाला जा रहा है।
लगातार बढ़ते गंदगी के ढेर और दुर्गंध से परेशान ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की, लेकिन आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसको लेकर गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है और लोग प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
इसी बीच, मामले की गंभीरता को देखते हुए डीपीआरओ बस्ती की मीडिया टीम भी सक्रिय हो गई है। टीम ने सफाई कर्मी घनश्याम सागर से वार्ता की और उन्हें उनके कर्तव्यों व लापरवाही के बारे में अवगत कराया। मीडिया टीम ने यह भी स्पष्ट किया कि जिससे स्थानीय कार्यों में उदासीनता और मनमानी के आरोप लगातार बढ़ रहे हैं।
विभागीय सूत्र बताते हैं कि घनश्याम सागर पर कर्मचारियों के प्रति दुर्व्यवहार और अनुचित आचरण की शिकायतें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं, लेकिन अब ग्रामीणों की नाराजगी और मीडिया के दबाव के बाद विभाग मामले की समीक्षा में जुट गया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल प्रशासन की अगली कार्रवाई पर गांव की निगाहें टिकी हैं।

















