सीतापुर में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत:लापरवाही के आरोप में निजी अस्पताल सीज, जांच जारी

0
12

सीतापुर के बिसवा कोतवाली क्षेत्र के सांडा इलाके में एक प्रसूता की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि निजी आयुष्मान हेल केयर हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान लापरवाही के चलते महिला की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया और अस्पताल को सीज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



इमरान अपनी पत्नी शहनूर बानो को शनिवार देर रात प्रसव पीड़ा होने पर सीतापुर स्थित आयुष्मान हॉस्पिटल लेकर पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद डॉक्टर अभिषेक मिश्रा ने बिना अधिक जांच के तत्काल ऑपरेशन करने की बात कही। ऑपरेशन के दौरान महिला की हालत अचानक बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। आरोप है कि स्थिति संभालने के बजाय डॉक्टर ने महिला को लखनऊ रेफर कर दिया।

परिजनों का कहना है कि जब तक रेफर किया गया, तब तक महिला की हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही शहनूर बानो ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू हो गया। परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।


घटना की सूचना मिलने पर सीएचसी अधीक्षक मौके पर पहुंचे और अस्पताल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर आयुष्मान हॉस्पिटल को तत्काल सीज कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल से संबंधित दस्तावेज और रिकॉर्ड भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस भी पूरे मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर दी है।