रिपोर्ट:हेमंत कुमार दुबे।
महराजगंज।झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के जाल में फंसाकर जेवर व नकदी हड़पने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के अरनहवा गांव निवासी बृजेश की शिकायत पर, न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने दो कथित साधुओं के खिलाफ जालसाजी, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
भूत-प्रेत का डर दिखाकर की लूट
पीड़ित बृजेश के अनुसार, मुजहना बुजुर्ग निवासी धुवनरायण और निचलौल के सेमरहना निवासी प्रद्युम्मनधर दूबे ने साधु के वेश में उसकी पत्नी पर भूत-प्रेत का साया होने का डर दिखाया। ठीक करने के नाम पर दो किस्तों में 30 हजार रुपये नकद ऐंठ लिए। हद तो तब हो गई जब तंत्र-मंत्र के बहाने आरोपियों ने पीड़िता का मंगलसूत्र और कान की बालियां भी उतरवा लीं।
पैसे मांगे तो दी जान से मारने की धमकी
आरोप है कि जेवर वापस मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। बीती 10 जुलाई को जब बृजेश ने सड़क पर उन्हें रोककर अपना सामान मांगा, तो आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस द्वारा सुनवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि सीजेएम के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

















