Mumbai BMC Election: महाराष्ट्र में मुंबई बीएमसी चुनाव का ऐलान, 15 जनवरी को होगी वोटिंग, जानें पूरा शेड्यूल

0
6

Mumbai BMC Election Dates: महाराष्ट्र में राज्य चुनाव आयोग मुंबई समेत राज्य की 29 महानगर पालिकाओं के चुनाव का शेड्यूल घोषित कर दिया है। मुंबई में 15 जनवरी को वोट डाले जाएंगे। इसी तारीख को मुंबई के साथ ठाणे, नागपुर, पुणे, मीरा भाईंदर और कल्याण डोंबिवली के साथ नवी मुंबई नगर निगमों में वोटिंग होगी।

मुंबई: महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने मुंबई बीएमसी चुनावों का ऐलान कर दिया है। आयोग के अनुसार मुंबई में 15 जनवरी को वोट डाले जाएंगे, जबकि अगले दिन मतों की गिनती होगी। मुंबई में आखिरी बार चुनाव 2017 में हुए थे। मुंबई में निर्वाचित बॉडी का कार्यकाल 2022 में खत्म हो गया था। महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग के अनुसार बीएमसी चुनावों के नतीजे 16 जनवरी को घोषित होंगे। सोमवार को राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने मालाबार हिल के सह्याद्री गेस्ट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस चुनाव की तारीखों का ऐलान किया।

मुंबई बीएमसी चुनाव का शेड्यूल
राज्य चुनाव आयोग की घोषणा के अनुसार बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) के चुनाव 15 जनवरी, 2026 को होंगे और वोटों की गिनती अगले दिन होगी। घोषित चुनाव प्रक्रिया के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच 31 दिसंबर, 2025 को होगी। उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 2 जनवरी, 2026 तय की गई है। चुनाव चिन्हों का आवंटन और उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट 3 जनवरी, 2026 को जारी होगी।

कुल 29 नगर निगमों में चुनाव
मुंबई बीएमसी चुनावों के साथ कुल 29 नगर निगमों में चुनाव होंगे। इनमें ठाणे, कल्याण डोंबिवली, मीरा भाईंदर जैसे बड़े नगर निगम शामिल हैं। मुंबई को छाेड़कर बाकी 28 नगर निगमों में मल्टी-मेंबर वार्ड होंगे सिर्फ मुंबई में ही 3.48 करोड़ वोटरों के लिए 10,111 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। राज्य चुनाव आयोग के लेटेस्ट निर्देशों के अनुसार, चुनावों के लिए नॉमिनेशन फॉर्म ऑफलाइन जमा करने होंगे। इससे पहले 27 नवंबर को, महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग (SEC) ने राज्य भर के 29 नगर निगमों में वोटर लिस्ट को फाइनल करने की समय सीमा बढ़ा दी थी। यह कदम वोटर वेरिफिकेशन के लिए अतिरिक्त समय देने और चुनावी रोल की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।