रुधौली में सियासी हलचल तेज, अखिलेश यादव से चाँदनी चौधरी की मुलाकात के बाद अटकलों का दौर

0
2655

-क्या समाजवादी पार्टी से रुधौली की भावी प्रत्याशी होंगी चाँदनी चौधरी? मौजूदा विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी की टिकट पर भी सवाल

बस्ती। रुधौली विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में एक बार फिर सरगर्मी बढ़ गई है। रुधौली से अपनी दावेदारी पहले ही ठोक चुकीं चाँदनी चौधरी अपने पति मनोज चौधरी के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से औपचारिक भेंट करती नजर आईं। इस मुलाकात की तस्वीर जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुई, वैसे ही सियासी पंडितों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को सामान्य शिष्टाचार भेंट से कहीं अधिक अहम मान रहे हैं। माना जा रहा है कि यह मुलाकात रुधौली विधानसभा में आगामी चुनाव को लेकर रणनीतिक संकेत दे रही है। चाँदनी चौधरी जिस तरह से लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं, जनसंपर्क कर रही हैं और महिलाओं व युवाओं के बीच अपनी मजबूत पकड़ बना रही हैं, उससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वे समाजवादी पार्टी से टिकट की प्रबल दावेदार बनकर उभरी हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि समाजवादी पार्टी रुधौली विधानसभा से किसे अपना उम्मीदवार बनाएगी। वर्तमान विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी को दोबारा मौका दिया जाएगा या फिर पार्टी तेज-तर्रार और ऊर्जावान महिला चेहरे के रूप में चाँदनी चौधरी पर दांव लगाएगी। यह सवाल फिलहाल क्षेत्र की राजनीति का केंद्र बना हुआ है।
चाँदनी चौधरी को एक पढ़ी-लिखी, जमीनी और संघर्षशील नेता के रूप में देखा जा रहा है। क्षेत्र के कई सामाजिक कार्यक्रमों, जनसमस्याओं और जनआंदोलनों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। खासकर महिला मतदाताओं के बीच उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है, जो आने वाले चुनाव में किसी भी पार्टी के लिए अहम फैक्टर साबित हो सकती है।
वहीं दूसरी ओर, मौजूदा विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी का भी क्षेत्र में अपना राजनीतिक आधार है और पार्टी संगठन में उनकी पकड़ मानी जाती है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के लिए यह फैसला आसान नहीं होगा। पार्टी नेतृत्व को जीत की संभावनाओं, सामाजिक समीकरणों और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखकर निर्णय लेना होगा।
फिलहाल अखिलेश यादव से हुई इस मुलाकात ने रुधौली की राजनीति को नई दिशा दे दी है। आने वाले दिनों में समाजवादी पार्टी की गतिविधियां और संकेत यह तय करेंगे कि रुधौली विधानसभा से टिकट किसके नाम होता है। तब तक सियासी गलियारों में अटकलों का दौर यूं ही जारी रहने वाला है।