सिद्धार्थनगर में ऑपरेशन कवच के तहत 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी अलिगढ़वा और पुलिस के संयुक्त गश्ती दल के जवानों ने 8 किलो चरस के साथ 2 नेपाली महिला तस्करों को पकड़ा। महिलाओं को चरस सहित कार्रवाई के बाद पुलिस थाना कपिलवस्तु को सुपुर्द कर दिया गया है।

सशस्त्र सीमा बल के सीमा चौकी अलिगढ़वा और पुलिस के जवानों ने ऑपरेशन कवच के तहत सीमा स्तम्भ संख्या 549(44) के समीप अलिगढ़वा चेक पोस्ट पर तलाशी के दौरान 8 किलो चरस के साथ 2 नेपाली महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। कमांडिंग अधिकारी आरके डोगरा ने जानकारी देते हुए बताया कि हमें जानकारी मिली कि अलिगढ़वा चेक पोस्ट के रास्ते चरस की तस्करी होने वाली है।

सूचना मिलते ही उप निरीक्षक देश राज के नेतृत्व में चेक पोस्ट ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी चितरंजन कुमार, आरक्षी एल एन राजू, आरक्षी अविनाश पासी, आरक्षी रीमा, और आरक्षी महिमा कुमारी और डॉग स्कवॉड के साथ आरक्षी अतीक कुमार, स्वान नाईली (नंबर 604) के साथ ही थाना कपिलवस्तु से उप निरीक्षक अशोक कुमार, आरक्षी वरुण यादव आरक्षी कुलभास्कर और आरक्षी श्रुति मिश्रा तैनात थे।

पुलिस को देखकर वापस जा रही थीं महिलाएं

इन्हें सूचना देकर चेक पोस्ट के रास्ते आने-जाने वाले लोगों की गहन रूप से तलाशी ली जाने लगी। इसी क्रम में चेक पोस्ट पर तैनात जवानों ने देखा कि दो महिला नेपाल से भारत की तरफ आ रही हैं। संदेह के आधार पर चेक पोस्ट ड्यूटी पर तैनात महिला जवानों द्वारा महिलाओं को पूछताछ के लिए रोका गया तो वह महिलाएं मुड़कर वापस जाने लगीं, लेकिन महिला कर्मियों ने उन्हें वापस जाने से रोककर उनके वापस जाने का कारण पूछा गया तो उन्होंने अपने पास चरस होने की बात कही।

थाना कपिलवस्तु पुलिस को सौंपा

महिला जवानों द्वारा उनके सामानों और उनकी तलाशी ली गयी तो उक्त महिलाओं के कमर में लपेटे 16 पैकेट चरस मिले। महिलाओं से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम मीना पुन मगर (41) और यमी मगर भारती (40) बताया। दोनों महिलाएं नेपाल की रहने वाली हैं। मौके पर बरामद चरस का वजन किया गया तो 8 किलो निकला। इसके बाद चेक पोस्ट पर तैनात जवानों ने दोनों महिलाओं को चरस सहित थाना कपिलवस्तु पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।