
जैश-ए-मोहम्मद के चीफ मसूद अजहर के बड़े भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की पाकिस्तान के बहावलपुर में मौत हो गई है। ताहिर अनवर की मौत की खबर संगठन के टेलीग्राम चैनलों के जरिए सामने आई है, जिसमें उसे ‘हकीम मोहम्मद ताहिर अनवर’ बताया गया है। उसका जनाजा निकाल दिया गया है लेकिन मौत की वजह का खुलासा नहीं किया गया है, जिसकी वजह से एजेंसियां इस मौत को संदिग्ध मान रही हैं।
ताहिर अनवर की मौत की जानकारी जैश के सोशल मीडिया ग्रुप्स में दी गई थी। इसमें उसके निधन पर शोक तो जताया गया लेकिन यह नहीं बताया गया कि उसकी मौत किसी बीमारी से हुई या किसी हादसे में। इसी जानकारी की कमी के कारण जांच एजेंसियां इसकी असल वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर अचानक उसकी मौत कैसे हुई।
यह भी पढ़ें: ट्रक से भिड़ा एयर कनाडा का विमान, कई घायल, न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा
क्या काम करता था ताहिर अनवर?
मोहम्मद ताहिर अनवर, मसूद अजहर के पांच भाइयों में से एक था और वह संगठन का बहुत खास आदमी था। वह बहावलपुर में स्थित जैश के सबसे बड़े सेंटर ‘मरकज उस्मान-ओ-अली’ का पूरा कामकाज, पैसा और हिसाब-किताब देखता था। इसके अलावा, वह संगठन के लड़ाकों की भर्ती और उनके रहने-खाने और हथियारों के इंतजाम का मुख्य प्रभारी था। वह मसूद अजहर का सबसे भरोसेमंद साथी माना जाता था, तो पर्दे के पीछे रहकर पूरे नेटवर्क को चलाता था।
ताहिर अनवर का अंतिम संस्कार बहावलपुर की जामिया उस्मान-ओ-अली मस्जिद में निकाला गया। यह मस्जिद रेलवे स्टेशन के पास ‘हैवी इंडस्ट्रीज रोड’ पर स्थित है और इसे जैश का बहुत मजबूत गढ़ माना जाता है। अंतिम संस्कार के दौरान वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे और खुफिया एजेंसियां इस बात पर नजर रख रही थीं कि इस दौरान संगठन के कौन-कौन से बड़े कमांडर और मसूद अजहर के परिवार के कौन से सदस्य वहां मौजूद थे।
परिवार के 10 लोगों की मौत
पिछले कुछ समय से मसूद अजहर के परिवार के सदस्यों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले साल बहावलपुर में हुए कुछ हमलों में मसूद अजहर के परिवार को भारी नुकसान हुआ था। इन हमलों में मसूद अजहर की बहन, उसके भतीजे और करीब 10 और करीबी रिश्तेदार मारे गए थे। ताहिर अनवर की मौत को भी इसी पुराने घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है, जिससे संगठन के प्रधान कमान में काफी डर और दबाव बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें: लग्जरी कार की डिग्गी पर बिठाए बच्चे, भारतीय मूल के शख्स पर सिंगापुर में केस
एजेंसियों के लिए बड़ी खबर
ताहिर अनवर संगठन की रणनीति और कामकाज का बड़ा हिस्सा था, इसलिए उसकी मौत को काफी अहम माना जा रहा है। सुरक्षा विशेषज्ञ अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि उसके जाने के बाद जैश के काम करने के तरीके पर क्या असर पड़ेगा और सीमा पार की आंतकी हलचल में क्या बदलाव आएगा।