
मिठौरा क्षेत्र के बड़हरा वैद्य गांव में मुख्य मार्ग पर बनी ड्रेन पुलिया पर रेलिंग न होने से हादसे का खतरा बना हुआ है। पुलिया के दक्षिण दिशा में सुरक्षा रेलिंग न होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, खासकर रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। यह पुलिया गांव के लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण इसी मार्ग से बाजार, स्कूल और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आते-जाते हैं। सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और बच्चों के लिए खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया पर रेलिंग न होने की यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के दिनों में पानी और फिसलन के कारण यहां खतरा और बढ़ जाता है। इसके बावजूद, संबंधित विभाग की ओर से अब तक सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। राजकुमार, सुरेंद्र मिश्रा, अनूप मिश्रा, जामिन, गोविंद, जगपति, मंजू, नीलू, पारस, गोलू, मनीष सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से पुलिया का निरीक्षण कर मजबूत रेलिंग बनवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने जोर देकर कहा कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय, समय रहते पुलिया को सुरक्षित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जनहित में जल्द से जल्द रेलिंग लगवाकर आवागमन को सुरक्षित बनाने की मांग की है।































