भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के सोनौली क्षेत्र में निजी वाहनों से अवैध रूप से सवारी ढोने का खेल जारी है। ये वाहन रोजाना यात्रियों को गोरखपुर समेत अन्य जगहों पर ले जा रहे हैं। इससे परमिट लेकर चलने वाले टैक्सी और बस संचालकों में गुस्सा बढ़ रहा है। साथ ही, परिवहन नियमों की अनदेखी से सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। पुलिस की सख्ती बढ़ने के बाद अब निजी वाहन चालक नेपाल के भैरहवा क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। वहां वे दलालों के जरिए यात्रियों को इकट्ठा कर सवारी ढो रहे हैं। टैक्सी संचालकों का आरोप है कि कई निजी वाहन बिना व्यावसायिक परमिट और जरूरी दस्तावेजों के नियमित रूप से सवारी ढो रहे हैं। यह परिवहन नियमों का सीधा उल्लंघन है। वैध टैक्सी और बस संचालकों ने प्रशासन से मांग की है कि सीमा क्षेत्र में परिवहन विभाग और पुलिस मिलकर अवैध वाहनों पर रोक लगाएं। सोनौली थाना अध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि निजी वाहनों से अवैध सवारी ढुलाई की शिकायतें मिल रही हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लगातार चालान भी किए जा रहे हैं और जल्द ही अभियान चलाकर गाड़ियों पर कार्रवाई की जाएगी।
