
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर एक बयान में प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जो भी फैसले लिए, वे हमेशा देश के हित में थे। स्टार्मर ने अपनी पत्नी विक का शुक्रिया अदा करते हुए उन्हें अपना सहारा बताया।
भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि अब वह सबसे अच्छे पति और पिता बनने पर ध्यान देंगे। उन्होंने अपने बच्चों को अपनी खुशी और गर्व बताया। बयान के बाद उन्होंने पत्नी को गले लगाया। कीर स्टार्मर ने कहा कि उन्होंने लेबर पार्टी को राजनीतिक, आर्थिक और नैतिक रूप से दिवालिया हालत से बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें: भारत आ रहे ब्रिटिश PM कीर स्टार्मर, स्कॉच व्हिस्की का मामला क्या है?
कीर स्टार्मर की उपलब्धियां क्या रहीं?
कीर स्टार्मर ने दावा किया कि उन्होंने पार्टी की यहूदी विरोधी छवि को खत्म किया, अर्थव्यवस्था, रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा पर लोगों का विश्वास बहाल किया। उन्होंने 2024 में डाउनिंग स्ट्रीट में प्रवेश को अपने जीवन का सबसे गर्व का पल बताया। उन्होंने ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय से सोमवार सुबह इस फैसले की जानकारी दी।
कैसे चुना जाएगा नया नेता?
कीर स्टार्मर ने लेबर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से कहा है कि 9 जुलाई से नेतृत्व चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो और गर्मियों की छुट्टियों से पहले नया नेता चुना जाए। नया नेता चुने जाने तक वह प्रधानमंत्री बने रहेंगे। उन्होंने अगले प्रधानमंत्री को पूरा सहयोग देने का वादा किया।
कौन संभालेगा कीर स्टार्मर की जगह?
यह काफी चौंकाने वाला है क्योंकि लेबर पार्टी ने 2024 के आम चुनाव में भारी जीत हासिल की थी, मात्र दो साल बाद स्टार्मर को इस्तीफा देना पड़ रहा है। वेस्टमिंस्टर में सोमवार को ही एंडी बर्नहम भी सांसद के रूप में शपथ लेंगे, जिन्हें स्टार्मर का संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: ‘ग्रूमिंग गैंग’ पर बोल फंस गए पीएम कीर स्टार्मर, क्या गलती कर बैठे?
इस्तीफा क्यों दिया है?
18 जून 2026 को हुए उप-चुनाव में ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर एंडी बर्नहम ने भारी अंतर से जीत हासिल की थी। उन्होंने लगभग 55 फीसदी वोट पाए और रिफॉर्म यूके के उम्मीदवार को 9,000 से ज्यादा वोटों से हराया। यह जीत बर्नहम को संसद पहुंचाने वाली थी।
अब वह लेबर पार्टी की लीडरशिप रेस में हिस्सा ले सकेंगे। उनकी जीत के बाद पार्टी के अंदर स्टार्मर के खिलाफ बगावत तेज हो गई। बर्नहम को कई सांसदों का समर्थन मिला और उन्हें स्टार्मर का संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा है।
मई 2026 के लोकल चुनावों में लेबर पार्टी को भारी नुकसान हुआ। पार्टी ने करीब 1,500 सीटें गंवाईं। इसके बाद दर्जनों लेबर सांसदों ने स्टार्मर से इस्तीफा मांगा और डिपार्चर टाइमलाइन सेट करने की मांग की। कई मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया, जिसमें पूर्व हेल्थ सेक्रेटरी वेस स्ट्रीटिंग भी शामिल हैं। अब कीर स्टार्मर अगले आम चुनाव में पार्टी का नेतृत्व नहीं करेंगे।
कहां-कहां चूके कीर स्टार्मर?
कीर स्टार्मर पार्टी की प्रवासन नीतियां सवालों के घेरे में रहे। उर्जा नीतियां भी ब्रिटेन के लिए असरदार साबित नहीं हुईं। डोना्ड ट्रंप ने भी इन्हीं बातों को लेकर आशंका जाहिर की थी। डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा था कि वह नॉर्थ सी ड्रिलिंग बढ़ाने की वकालत कर रहे हैं लेकिन उनके देश की हालत ऐसी नहीं है।
कीर स्टार्मर पर डिफेंस को पर्याप्त फंड न देने के भी आरोप लगे हैं। कई दिग्गज अधिकारियों ने इस्तीफे दिए, जिनकी वजह से उनकी बदनामी हुई। एपस्टीन फाइल्स में नाम और पीटर मंडेलसन को अमेरिका में एंबेसडर नियुक्त करने पर भी विवाद हुआ।