बस्ती। लालगंज थाने में तैनात महिला सिपाही केशरी की मौत का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। महिला सिपाही की मौत को लेकर उनके सिपाही पति नागेंद्र ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार महिला सिपाही केशरी छुट्टी पर प्रतापगढ़ गई थीं। बताया जा रहा है कि 22 अगस्त को अपने भाई के साथ प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन जाते समय उनका एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। चोट इतनी गंभीर थी कि सिर में कई टांके लगाए गए थे।
इसके बाद बस्ती में तैनात उनके पति सिपाही नागेंद्र ने इलाज के लिए उन्हें अपने पास बुला लिया था। सूत्रों के अनुसार, महिला सिपाही पिछले करीब एक सप्ताह से क्वार्टर से बाहर नहीं निकली थीं और चोट के बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ रही थी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय सिपाही पति नागेंद्र ड्यूटी पर थे। इसी दौरान आवास पर महिला सिपाही की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों और सूत्रों की ओर से इलाज में कमी के चलते हालत बिगड़ने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में आधिकारिक रूप से मौत की वजह की पुष्टि नहीं हुई है।
महिला सिपाही की मौत के बाद पूरे मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल महिला सिपाही केशरी की मौत का मामला जांच का विषय बना हुआ है।





















