
पयागपुर-बहराइच मार्ग पर शुक्रवार को एक हादसा हो गया। भगवती धर्मकांटा के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक बाइक सवार सड़क पर गिर गया, तभी पीछे से आ रहे डंपर ने उसे कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनका दो साल का बच्चा घायल हो गए। मृतक की पहचान खुशीराम (25) पुत्र मोतीलाल के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बाइकें पयागपुर-बहराइच मार्ग पर भगवती धर्मकांटा के पास पहुंचीं, तभी उनमें टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और उसका सवार सड़क पर आ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे डंपर की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार विकास शुक्ला (35), उनकी पत्नी किरण और उनका दो साल का बेटा घायल हुए हैं। आसपास के लोगों ने घायलों को तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। तीनों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। बच्चे को भी चोटें आई हैं। घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाई और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने ट्रैफिक को सामान्य कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पयागपुर-बहराइच मार्ग पर तेज रफ्तार गाड़ियों के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर गाड़ियों की गति कंट्रोल करने और हादसे वाली जगहों पर सुरक्षा के पूरे इंतजाम कराने की मांग की है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमों के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
































