जेएनएन, ग्वालियर। करीब 350 युवकों को फर्जी शैक्षणिक डिग्रियां उपलब्ध कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह की प्रमुख कड़ी माने जा रहे मनीष मांझी से पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है।
राजस्थान पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने उसे गुरुवार को ग्वालियर के निजी अस्पताल से पकड़ा था। गिरोह पांच से आठ लाख रुपये लेकर बीए से एमडी तक की फर्जी डिग्रियां उपलब्ध कराता था।
मामले में चार आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। मनीष से मिली जानकारियों की पुलिस तस्दीक कर रही है।
जांच में पता चला है कि गिरोह फर्जी डिग्री और मार्कशीट बनाने के साथ उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट के ऑनलाइन रिकॉर्ड में भी सही दिखाता था। संबंधित विश्वविद्यालयों के डिग्री प्रारूप और विवरण की नकल कर दस्तावेज तैयार किए जाते थे।
इससे ऑनलाइन सत्यापन में वह असली लगते थे। इस राजफाश से विश्वविद्यालयों की सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल उठे हैं।
एसओजी ने विश्वविद्यालयों, मेडिकल कालेजों और नियामक संस्थाओं को केवल वेबसाइट या ई-मेल के आधार पर डिग्री सत्यापन न करने और संबंधित विश्वविद्यालय से स्वतंत्र पुष्टि कराने की सलाह दी है।
अलग-अलग शहरों से चलाते थे नेटवर्क
एसओजी के अनुसार, गिरोह के सदस्य अलग-अलग शहरों में रहकर आनलाइन संपर्क से काम करते थे और कभी व्यक्तिगत रूप से नहीं मिले। मनीष मांझी पर फर्जी मार्कशीट, डिग्री और डिप्लोमा तैयार करने की जिम्मेदारी थी।
दस्तावेज नेटवर्क के दूसरे सदस्यों तक पहुंचाए जाते थे। पुलिस अन्य संपर्कों और अलग-अलग राज्यों में नेटवर्क के विस्तार की जांच कर रही है। मनीष के स्वजन ने उसकी गतिविधियों से अनभिज्ञता जताई है।
ग्वालियर-चंबल अंचल व्यापमं घोटाले के कारण पहले भी चर्चा में रहा है। अब गिरोह में उसकी भूमिका सामने आने से मध्य प्रदेश में संदिग्ध मेडिकल पंजीयन और निजी अस्पतालों में चिकित्सकों की नियुक्तियों की जांच महत्वपूर्ण हो गई है।

















