डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कॉर्पोरेट जगत के नेताओं को आड़े हाथों लिया था। पीएम मोदी ने कहा था कि कॉर्पोरेट टैक्स में कटौती का फायदा कंपनियों ने कर्मचारियों को अधिक वेतन या नई भर्तियों के रूप में नहीं दिया गया। पीएम मोदी की इस बात का समर्थन कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी किया है।
हालांकि, प्रधानमंत्री की इन बातों का इस्तेमाल करते हुए थरूर ने रोजगार की स्थिति, नियमों की अड़चनों और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर तंज भी कसा।
थरूर ने किया पीएम मोदी की बात का समर्थन
थरूर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री ने जो कहा, वह एक सच्चाई है। हो सकता है कि कॉर्पोरेट जगत के पास अपना कोई बचाव हो, लेकिन जहां तक मैं समझता हूं, PM का तर्क यह है कि सरकार ने टैक्स इसलिए कम किया था ताकि कंपनियां ज्यादा निवेश करें, ज्यादा नौकरियां पैदा करें और वेतन बढ़ाएं, लेकिन कंपनियों ने अपना हिस्सा पूरा नहीं किया।’
एक IIT ग्रेजुएट को प्लेसमेंट न मिलने की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए देश में रोजगार की स्थिति पर चिंता जताते हुए थरूर ने कहा, ‘ऐसी घटनाएं, जिनके बारे में पहले शायद ही कभी सुनने को मिलता था, यह बताती हैं कि कॉलेज ग्रेजुएट युवाओं के लिए रोजगार के हालात काफी खराब हैं।’
भ्रष्टाचार को लेकर साधा निशाना
थरूर ने नियमों को सरल बनाने और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ (व्यापार करने में आसानी) को बेहतर बनाने की मांग करते हुए कहा, ‘अर्थव्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत है। अगर प्रधानमंत्री कंपनियों की ओर उंगली उठा रहे हैं और कंपनियां सरकार की नीतियों पर सवाल उठा रही हैं, तो यह एक ऐसी स्थिति है जिस पर हम नजर रख सकते हैं।’
थरूर ने आगे कहा, ‘हमारा मानना है कि सरकार कुछ चीजें बेहतर तरीके से कर सकती है। वे निश्चित रूप से नियमों को सरल बना सकते हैं। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस अभी हकीकत नहीं है और मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है कि जिन भी व्यापारियों से मेरी बात होती है, उनके अनुसार भ्रष्टाचार पहले से कहीं ज्यादा खराब हो गया है।’
सरकार के भ्रष्टाचार-विरोधी नारे पर तंज कसते हुए थरूर ने कहा, ‘और सच कहूं तो यह वही बात है जो प्रधानमंत्री ने बड़े मशहूर अंदाज में कही थी। ‘न खाऊंगा, न खाने दूंगा। और अब हमें समझ आया कि उनका मतलब सिर्फ बीफ (गोमांस) से था।’
पीएम मोदी ने क्या कहा था?
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को ‘फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री’ (FICCI) की वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए उद्योग जगत के नेताओं की आलोचना की थी।
पीएम ने सवाल किया कि क्या टैक्स में इस राहत के बाद कंपनियों ने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया या अपनी कार्यबल (वर्कफोर्स) संख्या में विस्तार किया? उन्होंने वहां मौजूद लोगों से कहा, ‘मुझे पता है कि आप ताली नहीं बजाएंगे। मैं यह अच्छी तरह जानता हूं, क्योंकि आपकी भूख इतनी बड़ी है कि चाहे आपको कितना भी दे दिया जाए, वह कभी काफी नहीं होता।’
















