Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश ‘मैं राजम्मा का पति हूं’, बहरूपिये के एक झूठ ने खोला कर्नाटक...

‘मैं राजम्मा का पति हूं’, बहरूपिये के एक झूठ ने खोला कर्नाटक की महिला के कत्ल का राज, 6 साल बाद कातिल को उम्रकैद

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक के मैसूर में एक महिला के कत्ल की गुत्थी सुलझने की कहानी किसी क्राइम थ्रिलर फिल्म जैसी है। साल 2019 की एक सर्द रात को बोले गए एक छोटे से झूठ ने साढ़े तीन महीने बाद पुलिस को सीधे कातिल और लाश के ठिकाने तक पहुंचा दिया। ऐसे में सात साल बाद हाल ही में मैसूर की एक अदालत ने इस मामले में मुख्य आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

बता दें कि मामला कर्नाटक के चामराजनगर और मैसूर जिले से जुड़ा है। 42 साल की राजम्मा कोडागु के विराजपेट में एक एस्टेट में मजदूरी करती थीं। उनके पति वेंकटरंगा पहले हनुरु तालुक में रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर एम. केशव के सरकारी आवास पर माली का काम कर चुके थे।

मां बनने के बाद अपनी बहन के पास गई थी

समय आया दिसंबर 2019 का, जब फॉरेस्ट ऑफिसर केशव की पत्नी मां बनीं और वे मैसूर के टी. नरसीपुरा में अपनी बहन के घर रह रही थीं। घर के कामकाज में मदद के लिए वेंकटरंगा ने अपनी पत्नी राजम्मा को वहां भेज दिया। केशव हफ्ते में एक बार अपनी पत्नी से मिलने वहां आते थे।

पहली कड़ी- रात के अंधेरे में बोला गया वह झूठ

इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि 22 दिसंबर 2019 की रात करीब 8 बजे दो अनजान शख्स फॉरेस्ट ऑफिसर केशव के घर पहुंचे। उनमें से एक ने खुद को राजम्मा का पति बताते हुए कहा कि वह उन्हें अपने साथ ले जाने आया है।

लेकिन केशव, राजम्मा के असली पति वेंकटरंगा को बहुत अच्छी तरह जानते थे। वे तुरंत समझ गए कि सामने खड़ा शख्स झूठ बोल रहा है। सख्ती से पूछने पर दोनों ने अपना नाम महेशा और सोमन्ना बताया। केशव ने तुरंत असली पति वेंकटरंगा को फोन किया, जिन्होंने राजम्मा को उनके साथ न भेजने की बात कही। अगले दिन केशव ने राजम्मा को सुरक्षित उनके पति के साथ घर भेज दिया।

दूसरी कड़ी- मंदिर जाने के बाद लापता हुईं राजम्मा

इसके अलावा इस पूरे मामले में दूसरी कड़ी यह है कि इस घटना के करीब पांच हफ्ते बाद, 28 जनवरी 2020 को राजम्मा अपने गांव आई हुई थीं। उस दिन वे चामराजनगर जिले के हनुरु बेट्टाहल्ली स्थित मारम्मा मंदिर जाने के लिए घर से निकलीं, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटीं। उनका फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था।

फिर, परिवार ने काफी तलाश की और 8 फरवरी को राजम्मा के 19 वर्षीय बेटे श्रीनिवास ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। डेढ़ महीने तक पुलिस और परिवार को राजम्मा का कोई सुराग नहीं मिला।

तीसरी कड़ी- बस स्टैंड पर हुई वह चौंकाने वाली मुलाकात

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा मोड़ 12 मार्च 2020 को आया। दोपहर करीब 2:15 बजे फॉरेस्ट ऑफिसर केशव टी. नरसीपुरा बस स्टैंड के पास खड़े थे, तभी एक आदमी उनके पास आया और पूछा कि क्या आपने मुझे पहचाना?

उस आदमी ने याद दिलाया कि वह दिसंबर में महेशा के साथ उनके घर आया था। यह वही सोमन्ना था। जब केशव ने आने की वजह पूछी, तो सोमन्ना ने जो राज खोला, उसे सुनकर केशव के होश उड़ गए।

सोमन्ना ने खोला राज

सोमन्ना ने बताया कि पैसों के विवाद के चलते महेशा ने 28 जनवरी को ही राजम्मा की हत्या कर दी थी। कत्ल के दो-तीन दिन बाद सोमन्ना ने दो अन्य साथियों चौदैया और महादेवा के साथ मिलकर लाश को एक फार्महाउस के पास नाले के किनारे दफना दिया था।

पुलिस की जांच और सबूतों का जाल

फॉरेस्ट ऑफिसर केशव ने तुरंत यह बात राजम्मा के बेटे श्रीनिवास को बताई, जिसके बाद तालकाडु पुलिस स्टेशन में हत्या का केस दर्ज हुआ और अगले ही दिन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में पूरी साजिश परत-दर-परत खुल गई।

अंतिम गवाह- नागराजू नाम के एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसने 28 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे महेशा को राजम्मा के साथ जाते देखा था। पूछने पर महेशा ने राजम्मा को अपनी पत्नी बताया था और कहा था कि वे रात में सोमा के फार्महाउस पर रुकेंगे।

कत्ल का तरीका- पुलिस के मुताबिक, राजम्मा और महेशा के बीच संबंध थे और पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। महेशा ने मारनपुरा गांव के एक खपरैल वाले घर में कुदाल से वार कर राजम्मा की हत्या कर दी थी।

कब्र से मिले सबूत- आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घर से 100 मीटर दूर खुदाई कर राजम्मा का कंकाल बरामद किया। कब्र से मिली नीली हेयरपिन, चांदी की पायल, हरी साड़ी और काले ब्लाउज से परिवार ने उनकी पहचान की।

खून से सना बैग और मंगलसूत्र- पुलिस ने महेशा के घर से खून के धब्बों वाला एक पीला बैग और उसमें रखा राजम्मा का मंगलसूत्र भी बरामद किया।

कातिल को सात साल बाद मिली उम्रकैद

मुकदमे के दौरान 23 गवाहों के बयान और 63 दस्तावेजी सबूत पेश किए गए। मामले की सुनवाई के दौरान एक आरोपी सोमन्ना की बीमारी के कारण मौत हो गई। 31 अक्टूबर को मैसूर के सातवें अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश दयानंद वी. हिरेमठ ने महेशा को हत्या और सबूत मिटाने का दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।

कोर्ट ने उस पर 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया, जिसमें से 50-50 हजार रुपये राजम्मा के दोनों बेटों को मुआवजे के तौर पर दिए जाएंगे। वहीं, लाश को दफनाने में मदद करने वाले दो बुजुर्ग आरोपियों चौदैया और महादेवा को उनकी उम्र और बीमारी को देखते हुए तीन-तीन साल की साधारण कैद और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है।