वसीम अहमद | पचपेड़वा, बलरामपुर17 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

बलरामपुर में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित नारीहवा कैंप और वीरपुर पुलिस चौकी में रक्षाबंधन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा संचालित महाराणा प्रताप ग्रामोदय इंटर कॉलेज इमिलियाकोडर की छात्राओं ने सीमा सुरक्षा बल (SSB) के जवानों और पुलिसकर्मियों को राखी बांधी।
इस दौरान विद्यालय की छात्राओं, जिनमें रोशनी, कोमल, अमृता, अंजली और नंदनी शामिल थीं, ने जवानों को तिलक लगाकर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। छात्राओं ने जवानों के स्वस्थ, सुरक्षित और सुखमय जीवन की कामना की। सीमा पर तैनात जवानों ने भी छात्राओं को बहन का दर्जा देते हुए उनके प्रति स्नेह व्यक्त किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष शुक्ल ने इस अवसर पर कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, प्रेम और विश्वास का पर्व है। उन्होंने बताया कि ‘रक्षा’ सुरक्षा का प्रतीक है, जबकि ‘बंधन’ प्रेम की डोर को दर्शाता है। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, सम्मान और आत्मीयता की भावना को मजबूत करते हैं।
SSB जवानों ने बताया कि ग्रामोदय इंटर कॉलेज की छात्राएं प्रतिवर्ष उन्हें राखी बांधने आती हैं। उन्होंने विद्यालय की छात्राओं के प्रति विशेष स्नेह व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि सुरक्षा संबंधी किसी भी आवश्यकता पर जवान हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।

रक्षाबंधन के इस भावनात्मक कार्यक्रम से नारीहवा कैंप के SSB जवानों और वीरपुर-सेमरा पुलिस चौकी के कर्मियों में खुशी का माहौल रहा। इस आयोजन ने सीमा सुरक्षा में जुटे जवानों और विद्यालय परिवार के बीच आत्मीयता एवं भाईचारे के रिश्ते को और मजबूत किया।




























