बस्ती – रूधौली मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालय धन्सा में नए मतदाताओं की सूची का सत्यापन किया गया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तबरेज ने मतदाता सूची से संबंधित जानकारियां जुटाईं और नए मतदाताओं को नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया।
बीएलओ तबरेज ने बताया कि जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए पात्र युवाओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों की जांच कर त्रुटियों को दूर करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
बीएलओ ने गांव के सभी पात्र नागरिकों से अपील कि वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें और नाम छूटने की स्थिति में फार्म-6 भरकर आवेदन करें।

















