डिजिटल डेस्क, मुंबई। फिल्मी सितारों की दुनिया देख कर हर कोई उसको पाने की हसरत रखता है। शानदार घर, कार कई असिसटेंट हर कुछ बस एक इशारे पर मिल जाए। यहां तक कि लोग यही सोचते हैं कि हर पल जो ख्वाहिश हो वो भी पूरा हो जाए। लेकिन सिक्के का दूसरा पहलू भी है जो इसके खौफनाक मंजर से रू-ब-रू कराता है।
घर से बाहर निकलते ही हर किसी की निगाह, कहीं भी आप रहे कोई ना कोई आपको देख रहा है। अच्छे से अच्छे लोग और बुरे से बुरे लोग आप पर बहुत ही आसानी से नजर रख सकते हैं। ऐसा ही हुआ है पिछले कुछ दिनों में। बीते दिनों कई फिल्म स्टारों को धमकी मिली किसी को जान से मारने की तो किसी का घर उड़ाने की। इससे राज्य के विकास के बीच नकारात्मक माहौल बनता है।
कई सितारों को मिली धमकी
तुषार कपूर, आयुष्मान खुराना, सैफ अली खान और बॉलीवुड के दबंग भाई कहे जाने सलमान खान को लेकर जारी धमकियां गैंगस्टरों की मौजूदगी का अहसास कराते हैं। इससे ये पता चलता है कि ये आसानी से उन पर नजर रखते हैं। सितारों को मिली धमकियों की पड़ताल में कई बातें सामने आई हैं।
इनमें फर्जी ऑडियो का इस्तेमाल किया जाता है तो कहीं एआई (AI) और मनगढ़ंत व्हाट्सएप चैट का इस्तेमाल कर डर फैलाने की कोशिश होती है। इससे मुंबई पुलिस और फिल्म जगत दोनों के सामने असली और नकली खतरों की पहचान करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
क्राइम सिंडिकेट का हिस्सा बता करे दे रहे धमकी
जब फिल्मी सितारों को धमकी दी जाती है तो उनसे करोड़ों रुपयों की मांग की जाती है। इसके साथ ही दबाव बनाने के लिए किसी कुख्यात गैंगस्टर का नाम लिया जाता है। धमकी देने वाला व्यक्ति खुद को किसी क्राइम सिंडिकेट का हिस्सा बताता है। वो सेलिब्रिटी या उससे जुड़े किसी करीबी शख्स को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता है। इन सब बातों के बीच बॉलीवुड हस्तियों को मिली धमकियों की हालिया जांच में पुलिस के सामने एक चिंताजनक बात सामने आई है: अपराधी अपनी धमकियों को सच साबित करने के लिए कुख्यात गैंगस्टरों के नाम और उनकी ‘साख’ का इस्तेमाल कर रहे हैं। भले ही असल में उनका उन गैंग्स से कोई लेना-देना न हो।
ऐसे खुल रहे राज
सितारों को धमकी देने वालों के नाम से तो वाकिफ हो सकते हैं लेकिन सच में उस नाम को लेना वाला वही है या कोई दूसरा ये पक्का पता नहीं होता। अभिनेता तुषार कपूर के मामले में यह बात साफ हो गई। उनकी टीम को एक व्यक्ति का ऑडियो मैसेज मिला, जिसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य ‘हैरी बॉक्सर’ बताया। फोन करने वाले ने पांच करोड़ रुपये की मांग की। मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की तो मामले ने अलग ही मोड़ ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने रिकॉर्डिंग में मौजूद आवाज का मिलान ‘बॉक्सर’ के आधिकारिक सैंपल से किया, लेकिन कोई मेल नहीं मिला।
एआई के इस्तेमाल से बढ़ी चिंता
कुछ दिनों बाद, पुलिस ने बेंगलुरु के 30 वर्षीय बेरोजगार IIT ग्रेजुएट वैभव चंद्र मिश्रा को गिरफ्तार किया। उस पर आरोप है कि उसने इंस्टाग्राम के ज़रिए अभिनेता आयुष्मान खुराना को धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजे थे। पुलिस ने बताया कि उसका किसी भी गैंग से कोई संबंध नहीं है। अधिकारियों ने बाद में बताया कि मिश्रा ने धमकी देने लिए कथित तौर पर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल किया था।
गिरोह के डर का फायदा उठाने की कोशिश
इन दोनों मामलों के बीच कोई पक्का संबंध नहीं है। लेकिन ये जांचकर्ताओं के सामने एक ही सवाल खड़ा करते हैं: क्या इस धमकी के पीछे सच में कोई कुख्यात गिरोह है, या फिर कोई सिर्फ डर पैदा करने के लिए उनके नाम का इस्तेमाल कर रहा है? वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह धमकी बिश्नोई गिरोह से जुड़े डर का फायदा उठाने के लिए की गई एक कोशिश है। जांच का काम क्राइम ब्रांच के एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को सौंप दिया गया।
जारी है पुलिस की जांच
अभिनेता सलमान खान से जुड़े जबरन वसूली के एक कथित मामले में, पुलिस ने व्हाट्सएप चैट और पहचान का एक ऐसा बनावटी जाल पकड़ा, जिसे इस तरह तैयार किया गया था ताकि ऐसा लगे कि कोई संगठित अपराधी गिरोह उन्हें धमकी दे रहा है।
वहीं, सैफ अली खान से जुड़ा ताजा मामला जांचकर्ताओं के सामने सत्यापन की एक और चुनौती लेकर आया है। अभिनेता को कथित तौर पर एक व्यक्ति से जान से मारने की धमकी मिली, जिसने खुद को जीशान अख्तर बताया—जो बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में एक वांछित आरोपी है। इसकी भी जांच जारी है।
गिरोह का डर इसलिए है क्योंकि 18 अक्टूबर को जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की गई। इसमें क्राइम ब्रांच ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस वजह से बॉलीवुड हस्तियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी हुई है।

















