Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश मध्यप्रदेश वन्य जीव संरक्षण के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य

मध्यप्रदेश वन्य जीव संरक्षण के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य

भोपाल : मध्यप्रदेश के वन और अभयारण्य मानव-वन्य जीव सह-अस्तित्व का अद्वितीय उदाहरण हैं। प्रदेश के राष्ट्रीय उद्यान बाघों के संरक्षण के साथ ही जैव-विविधता को सहेजने में भी सहायक सिद्ध हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि 9 टाइगर रिजर्व प्रदेश के वन्यजीव पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

वन एवं वृक्ष आवरण में अग्रणी मध्यप्रदेश

द्विवार्षिक ‘भारत वन स्थिति रिपोर्ट’-2024 के अनुसार, मध्यप्रदेश 85,724 वर्ग किलोमीटर वन और वृक्ष आवरण के साथ देश में शीर्ष स्थान पर है। राज्य का वन आवरण क्षेत्र 77,073 वर्ग किलोमीटर है, जो देश में सर्वाधिक है। मध्यप्रदेश ने देश में सबसे पहले 1973 में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम लागू किया था। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व को यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल की संभावित सूची में शामिल किया गया है।

मध्यप्रदेश में सबसे अधिक टाइगर रिजर्व

मध्यप्रदेश में सबसे अधिक 9 टाइगर रिजर्व हैं। इनमें कान्हा, पेंच, बांधवगढ़, पन्ना, सतपुड़ा, वीरांगना दुर्गावती, संजय-डुबरी, रातापानी और माधव टाइगर रिजर्व शामिल हैं। प्रदेश में 11 नेशनल पार्क, 24 अभयारण्य हैं। सफेद बाघों के संरक्षण के लिए मुकुंदपुर में व्हाइट टाइगर सफारी विकसित की गई है।

प्रदेश में टाइगर रिजर्व की यात्रा को हुए 52 वर्ष

प्रदेश के 9 टाइगर रिजर्व में सबसे पहले 1973 में कान्हा-किसली राष्ट्रीय उद्यान को टाइगर रिजर्व घोषित किया गया था। इसके बाद पेंच टाइगर रिजर्व-1992, पन्ना टाइगर रिजर्व-1993-94, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व-1993-94, 1999-2000, संजय टाइगर रिजर्व-2011, वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व-2023, रातापानी टाइगर रिजर्व-2024 और माधव टाइगर रिजर्व-2025 में घोषित किये गए। प्रदेश के कान्हा-किसली राष्ट्रीय उद्यान, पेंच टाइगर रिजर्व और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व देश के टॉप-10 में शामिल हैं।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

नवीनतम रातापानी और माधव टाइगर रिजर्व के विकास से इन क्षेत्रों में न केवल वन्य जीवों को संरक्षित करने में मदद मिलेगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय लोगों के लिए नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। दोनों ही रिजर्व शहरों के नजदीक है। रातापानी प्रदेश की राजधानी भोपाल और माधव टाइगर रिजर्व शिवपुरी के नजदीक है।

मानव-वन्य जीव संघर्ष को कम करने की योजना

मध्यप्रदेश सरकार ने वन्य जीव संरक्षण को और प्रभावी बनाने के लिए वन्य जीव कॉरिडोर विकसित किए हैं। साथ ही 14 क्षेत्रीय और 1 राज्य स्तरीय रेस्क्यू स्क्वॉड गठित किया गया है। मानव-वन्य जीव संघर्ष के मामलों में क्षतिपूर्ति राशि 8 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी गई है।

(function(d, s, id) { var js, fjs = d.getElementsByTagName(s)[0]; if (d.getElementById(id)) return; js = d.createElement(s); js.id = id; js.src = “//connect.facebook.net/en_US/sdk.js#xfbml=1”; fjs.parentNode.insertBefore(js, fjs); }(document, ‘script’, ‘facebook-jssdk’));