डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एअर इंडिया ने रविवार को जेद्दा, दम्माम और रियाद से आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया। वहीं, दो दिसंबर से एअर इंडिया एक्सप्रेस चरणबद्ध तरीके से जेद्दा की उड़ानें फिर शुरू करेगी।
रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें 31 दिसंबर तक निलंबित रहेंगी। सऊदी अरब की उड़ानें हाल के हफ्तों में वहां की मौजूदा सुरक्षा स्थिति के कारण प्रभावित हुई हैं।
सऊदी अरब के कुछ शहरों और बुनियादी ढांचे पर हूतियों ने हमले किए हैं। एअर इंडिया ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा,”क्षेत्र में मौजूदा स्थिति को देखते हुए जेद्दा, दम्माम और रियाद से आने-जाने वाली एअर इंडिया की उड़ानें 31 दिसंबर 2026 तक निलंबित रहेंगी।
एअर इंडिया एक्सप्रेस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वह जेद्दा की उड़ानें चरणबद्ध तरीके से फिर शुरू करेगी। इसकी शुरुआत 2 दिसंबर से जेद्दा और मंगलुरु के बीच हर सप्ताह तीन उड़ानों से होगी। इंडिगो ने जेद्दा और मदीना से आने-जाने वाली कुछ उड़ानें फिर शुरू करने का फैसला किया है।
एयरलाइन ने शुक्रवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली उसकी उड़ानें 7 दिसंबर तक रद्द रहेंगी। आकासा एयर ने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि जेद्दा से जुड़ी उड़ानें 10 जनवरी तक और रियाद की सेवाएं 31 जनवरी तक (इस तारीख समेत) निलंबित रहेंगी।

















