डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े शराब बाजारों अमेरिका और चीन में लोग शराब से दूरी बना रहे हैं, लेकिन भारत में इसका बिल्कुल उल्टा नजारा देखने को मिल रहा है। साल 2026 की पहली छमाही यानी जनवरी से जून में भारत में शराब की खपत 10% बढ़ गई है।
ड्रिंक्स रिसर्च फर्म IWSR की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के 21 बड़े बाजारों में भारत की ग्रोथ सबसे तेज रही। राहत की बात यह है कि दुनिया भर में जहां शराब का बाजार कमजोर पड़ रहा है, वहीं भारत में हर कैटेगरी की बिक्री में जबरदस्त उछाल आया है।
भारत में किस ड्रिंक की बिक्री में कितनी बढ़त?
- बियर- 16% की बढ़ोतरी के साथ बियर इस रेस में सबसे आगे रही।
- बिना अल्कोहल वाली बियर- इसमें सबसे बड़ा 25% का बंपर उछाल आया।
- रेडी-टू-ड्रिंक (RTD / प्री-मिक्स कॉकटेल)- 12% की तेजी।
- ब्लेंडेड स्कॉच व्हिस्की- 8% की ग्रोथ।
- वोदका और जिन- दोनों में 6%-6% की वृद्धि।
- रम और नॉन-कॉग्नेक ब्रांडी- दोनों में 3%-3% की बढ़त।
- भारतीय व्हिस्की- 4% की बढ़ोतरी।
- वाइन- स्टिल वाइन में 2% और फोर्टिफाइड वाइन में 7% की तेजी।
अब जानिए दुनिया का क्या हाल है?
गौर करने वाली बात यह है कि IWSR के आंकड़े बताते हैं कि जिन 21 बड़े बाजारों पर नजर रखी जा रही है जो दुनिया की 76% शराब की खपत को कवर करते हैं, वहां कुल खपत में 1% की गिरावट आई है।
- सबसे बड़ा बाजार अमेरिका- यहां खपत में 4% की गिरावट आई है। बियर की खपत भी 4% घटी है।
- चीन- यहां भी कुल खपत 3% और बियर की खपत 2% कम हुई है।
देखा जाए तो अगर अमेरिका और चीन को हटा दें, तो बाकी देशों में कुल मिलाकर सिर्फ 1% की ही ग्रोथ हुई है। ऐसे में भारत का 10% की रफ्तार से आगे बढ़ना पूरी दुनिया के शराब कारोबारियों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है।
वैश्विक बाजारों में शराब की खपत में वृद्धि
भारत के बाद कौन से देश आगे?
बता दें कि ग्रोथ चार्ट में भारत सबसे ऊपर है, जिसके बाद इन देशों का नंबर आता है।
- कोलंबिया– 9%
- दक्षिण अफ्रीका- 5%
- ब्राजील- 3%
- यूनाइटेड किंगडम (UK)- 2%
इसके अलावा मेक्सिको और थाईलैंड में भी बढ़त दर्ज की गई है।
दुनिया में क्यों घट रही शराब की खपत?
विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर लोग अब अपनी सेहत को लेकर ज्यादा जागरूक हो रहे हैं। इसके अलावा, GLP-1 वजन घटाने वाली दवाओं का इस्तेमाल, महंगाई और अमेरिका-चीन की आर्थिक अनिश्चितताओं की वजह से वहां लोग शराब से दूर हो रहे हैं।
इसके उलट, भारत में युवाओं की बढ़ती आबादी, बेहतर होती लाइफस्टाइल और हर ड्रिंक कैटेगरी में बढ़ती पसंद के कारण बाजार लगातार मजबूत हो रहा है। IWSR के एमडी मार्टेन लोडेविजक्स का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैलने वाली ग्लोबल ब्रांड्स के लिए भारत अब दुनिया के सबसे अहम बाजारों में से एक बन चुका है।












