डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु में दीवाली के दौरान आंख में चोट लगने के कई मामले सामने आए हैं। अस्पताल के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि शहर के मिंटो ऑप्थैल्मिक अस्पताल और नारायण नेत्रालय में पटाखे से आंखों में चोट लगने के करीब 74 मामले सामने आए हैं। इनमें बच्चे और आसपास मौजूद लोग भी शामिल हैं।
मिंटो ऑप्थैल्मिक अस्पताल के आंकड़ों के मुताबिक, 6 से 9 नवंबर के बीच वहां पटाखे से आंखों में चोट लगने वाले 28 मरीजों का इलाज किया गया, जिनमें 10 बच्चे और 18 वयस्क शामिल थे। इन 28 मामलों में से 11 लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि 17 लोगों को गंभीर चोटें लगीं।
जानकारी सामने आई कि इनमें 12 वे मरीज थे, जिन्हें खुद पटाखे जलाते समय चोट लगी, जबकि बाकी 16 लोग आसपास मौजूद होने के कारण घायल हुए। इलाज कराने वाले मरीजों में से 25 बेंगलुरु के थे, जबकि एक-एक मरीज डोड्डाबल्लापुरा, मैसूरु और रायचूर से थे।
पटाखों से आंख में लगी गंभीर चोट
9 नवंबर तक के आंकड़ों का हवाला देते हुए अस्पताल ने बताया कि जिन पटाखों से चोटें लगीं, उनमें बिजली, एटम बम, स्काई शॉट्स और लक्ष्मी पटाखे शामिल थे।
राजाजीनगर स्थित नारायण नेत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 7 नवंबर से 10 नवंबर की सुबह 11 बजे तक 46 मरीजों का इलाज किया गया, जिनमें 25 बच्चे शामिल थे। इनमें से 16 लोग आसपास मौजूद होने के कारण घायल हुए, जबकि 30 लोगों को खुद पटाखे जलाते समय चोट लगी।
44 मरीजों का इलाज दवाओं से किया गया, जबकि एक मरीज की कॉर्निया फटने (कॉर्नियल टियर) के कारण सर्जरी की गई। वहीं एक अन्य मरीज को भी कॉर्निया फटने के कारण सर्जरी कराने की सलाह दी गई है।
‘बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें’
नारायण नेत्रालय के निदेशक डॉ. नरेन शेट्टी ने माता-पिता को सलाह दी है कि वे बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें और उन्हें पटाखों से सुरक्षित दूरी पर रखें। उन्होंने लोगों को यह भी सलाह दी कि त्योहार मनाते समय आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मा पहनें, ताकि आंखों में चोट लगने का खतरा कम हो सके।
नारायण नेत्रालय में कॉर्निया सेवाओं के विभागाध्यक्ष और सलाहकार डॉ. यतीश एस. ने बताया कि ज्यादातर मरीजों का इलाज ओपीडी (OPD) में दवाओं के जरिए किया गया, जबकि एक मरीज की सर्जरी करनी पड़ी उन्होंने कहा कि जागरूकता के प्रयासों के बावजूद, पटाखों से आंखों में चोट लगने के मामले सामने आ रहे हैं।
