Home Uncategorized ‘किताब का नाम बिलॉन्गिंग नहीं, व्हाइटवॉशिंग होना चाहिए था’; सोनिया गांधी की...

‘किताब का नाम बिलॉन्गिंग नहीं, व्हाइटवॉशिंग होना चाहिए था’; सोनिया गांधी की बुक पर बीजेपी का तंज

0
1

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के बाजार में आते ही राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। भाजपा ने इस किताब को लेकर सोनिया गांधी पर जोरदार हमला बोला है।

भाजपा प्रवक्ता सीआर केशवन ने आरोप लगाया कि इस किताब का मकसद नेहरू-गांधी परिवार और कांग्रेस की ऐतिहासिक गलतियों पर पर्दा डालना यानी व्हाइटवॉश करना है।

केशवन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए कहा कि इस किताब का शीर्षक ‘बिलॉन्गिंग’ की जगह ‘व्हाइटवाशिंग’ होना चाहिए था, क्योंकि इसमें कांग्रेस के ऐतिहासिक पापों और गलतियों को छिपाने की कोशिश की गई है।

बाबरी, 1984 के सिख दंगे और 26/11 पर उठाए सवाल

किताब में बाबरी मस्जिद विध्वंस पर सोनिया गांधी द्वारा आंसू बहाने के जिक्र पर सवाल उठाते हुए भाजपा प्रवक्ता ने पूछा कि क्या उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के लिए कभी एक भी आंसू बहाया?

केशवन ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गुरुद्वारों पर हमले हुए और हजारों बेगुनाह सिखों का कत्लेआम हुआ, लेकिन उस त्रासदी पर गांधी परिवार खामोश रहा।

उन्होंने बाटला हाउस मुठभेड़ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सोनिया गांधी आरोपियों के लिए भावुक हो गई थीं, लेकिन क्या उन्होंने देश की रक्षा में शहीद होने वाले सीआरपीएफ के वीर जवानों के लिए कभी संवेदना जताई?

इसके अलावा केशवन ने 2008 के मुंबई 26/11 आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या यह आत्मकथा बताएगी कि बेकसूर लोगों की मौत पर तत्कालीन यूपीए सरकार ने पाकिस्तान पर सख्त जवाबी कार्रवाई क्यों नहीं की।

आपातकाल को सही ठहराने और नटवर सिंह की मुलाकात पर घेरा

भाजपा प्रवक्ता ने 1975 में इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए इमरजेंसी पर सोनिया गांधी के रुख की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिस आपातकाल ने देश के संविधान की हत्या की और नागरिकों के मौलिक अधिकार छीन लिए, उसे सही ठहराना और सामान्य बताना बेहद चौंकाने वाला और निंदनीय है।

केशवन ने पूर्व विदेश मंत्री के. नटवर सिंह की 2014 की आत्मकथा ‘वन लाइफ इज नॉट इनफ’ का हवाला देते हुए पूछा कि उनकी किताब आने से पहले सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी अचानक उनसे मिलने उनके घर क्यों गई थीं?

उन्होंने पूछा कि साढ़े आठ साल बाद हुई उस मुलाकात के पीछे क्या डर था और क्या इस किताब में मई 2004 में यूपीए सरकार बनने के समय के पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी?

‘सहमति न मिलने पर छोड़ा पीएम पद’

भाजपा के साथ-साथ एनडीए के अन्य नेताओं ने भी सोनिया गांधी पर निशाना साधा। जनता दल (यू) के सांसद संजय कुमार झा ने सोनिया गांधी के 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के दावे पर सवाल उठाया।

उन्होंने कहा कि संख्या बल जुटाने के दौरान समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव ने उनके नाम पर समर्थन देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया, अन्यथा पीएम बनने की पूरी तैयारी थी।

वहीं भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि सोनिया गांधी के लिखने से कोई फर्क नहीं पड़ता और कोई इसे पढ़ने वाला नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल के चलते उन्हें प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाने से इनकार कर दिया था, जिसे बाद में त्याग का रूप दे दिया गया।

क्या है सोनिया गांधी की आत्मकथा में?

‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ शीर्षक वाली यह आत्मकथा सोनिया गांधी के इटली में बीते बचपन, कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात और भारत में उनके पारिवारिक व राजनीतिक जीवन को समेटती है। किताब में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की नृशंस हत्या के दौर का भी ब्योरा है।

इसके अलावा, किताब में 2004 में यूपीए की जीत के बाद प्रधानमंत्री पद न लेने के आंतरिक द्वंद्व, कांग्रेस नेताओं के साथ हुई चर्चा और बेटे राहुल गांधी के साथ अंतिम बातचीत का विस्तार से जिक्र किया गया है।

सोनिया गांधी ने गांधी परिवार की नई बहू के रूप में अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के गुस्से और अनुशासन से जुड़े कुछ अनछुए किस्से भी साझा किए हैं।

यह भी पढ़ें- ‘अब प्रधानमंत्री बदलने का समय आ गया है…’ 2010 में प्रणब मुखर्जी के इस सुझाव से हैरान रह गई थीं सोनिया गांधी

यह भी पढ़ें- ‘मैं डर से कांपने लगती थी…’, सोनिया ने अपनी किताब में इंदिरा गांधी के गुस्से के बारे में और क्या बताया?

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here