BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ तीन पीजी छात्रों का राष्ट्रीय शोध योजना में चयन:बस्ती में डीएचआर की...

तीन पीजी छात्रों का राष्ट्रीय शोध योजना में चयन:बस्ती में डीएचआर की योजना में मिला मौका, शोध के लिए मिलेंगे एक-एक लाख रुपये

बस्ती के महर्षि वशिष्ठ स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के माइक्रोबायोलॉजी विभाग ने शोध के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल की है। विभाग के तीनों पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) छात्रों का भारत सरकार के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (डीएचआर) की एचआरडी योजना में चयन हुआ है। यह चयन वर्ष 2026-27 के एमडी और एमएस रिसर्च के लिए किया गया है। राष्ट्रीय स्तर की इस शोध योजना में विभाग के सभी तीन पीजी छात्रों का चयन संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। चयनित छात्रों में डॉ. अपूर्वा माल, डॉ. सचिन कुमार गुप्ता और डॉ. प्रीति नायक शामिल हैं। योजना के तहत प्रत्येक छात्र को अपनी एमडी और एमएस थीसिस के शोध कार्य के लिए एक लाख रुपए की सहायता मिलेगी। इससे छात्रों को शोध के लिए जरूरी संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी। डॉ. अपूर्वा माल और डॉ. सचिन कुमार गुप्ता अपने शोध कार्य डॉ. अमित कुमार सिंह के मार्गदर्शन में कर रहे हैं। वहीं डॉ. प्रीति नायक का शोध डॉ. विनोद कुमार मौर्य के निर्देशन में किया जा रहा है। माइक्रोबायोलॉजी विभाग के लिए यह लगातार दूसरा वर्ष है, जब उसके पीजी छात्रों का राष्ट्रीय स्तर की शोध योजना में चयन हुआ है। तीनों छात्रों के चयन से विभाग की शोध गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ मेडिकल छात्रों में वैज्ञानिक शोध के प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने इस उपलब्धि पर चयनित छात्रों, उनके शोध मार्गदर्शकों और माइक्रोबायोलॉजी विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां छात्रों में शोध के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ संस्थान में वैज्ञानिक और नए विचारों वाले माहौल को मजबूत करती हैं। उन्होंने चयनित छात्रों से शोध कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने की अपील की।