Home उत्तर प्रदेश महराजगंज में ट्रक चालक वीडियो कॉल के बाद लापता:पत्नी को रोते हुए...

महराजगंज में ट्रक चालक वीडियो कॉल के बाद लापता:पत्नी को रोते हुए थाने के पास का दृश्य दिखाया था, ट्रक कुशीनगर में मिला

0
9

एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र के सकतपुर निवासी ट्रक चालक सुनील कुमार छह नवंबर को पत्नी को वीडियो कॉल करने के बाद से लापता हैं। कॉल के दौरान उन्होंने महराजगंज जिले के किसी थाने के पास का दृश्य दिखाया था। वे खुद को परेशानी में बताकर रो रहे थे। वीडियो में पीछे पुलिसकर्मी भी दिख रहे थे। बुधवार को सुनील का 15 वर्षीय बेटा शिवम, भाई अनिल कुमार (26) और गांव के चार अन्य लोग परतावल चौकी पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और 112 टीम को जानकारी देकर सुनील का पता लगाने की गुहार लगाई। शिवम ने बताया कि वीडियो कॉल में पिता काफी परेशान थे और रो रहे थे। परिजनों के मुताबिक, सुनील हरियाणा से ट्रक लेकर एटा पहुंचे थे। वहां से सामान लादकर बिहार गए। लौटते समय उन्होंने कुशीनगर के कप्तानगंज और श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र से भूसा लादकर आगे जाने की जानकारी दी थी। एक मुंशी ने भी घरवालों को ट्रक में भूसा लदा होने की बात बताई थी, लेकिन ट्रक खाली मिला। ट्रक मालिक ने जीपीएस लोकेशन के आधार पर परिजनों को बताया कि ट्रक कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के इंद्रपुर में खड़ा है। ट्रक मिलने के बाद भी सुनील का पता नहीं चला है। परिजनों ने कप्तानगंज थाने में शिकायत की है। वे कुशीनगर से महराजगंज तक के थानों में संपर्क कर सुनील को तलाश रहे हैं। फिलहाल उनके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। कुशीनगर पुलिस ने एक्स पर जवाब देते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here