लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा की विसर्जन शोभायात्रा निकली:सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए, भाकला बंबा घाट पर प्रतिमा का विसर्जन

0
2

जमुनहा, श्रावस्ती। जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत अचरोरा शाहपुर के मजरा लक्ष्मणपुर में स्थापित लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा की विसर्जन शोभायात्रा बुधवार को धूमधाम और भक्तिमय माहौल में निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। चार दिन पूर्व विधि-विधान के साथ लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई थी। स्थापना के बाद से ही प्रतिदिन पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। मंगलवार को प्रतिमा स्थल पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ कन्या पूजन भी किया गया था, जिसमें आसपास के गांवों के श्रद्धालु शामिल हुए थे। बुधवार को निकाली गई विसर्जन शोभायात्रा लक्ष्मणपुर से शुरू होकर नासिरगंज बाजार होते हुए विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरी। इसके बाद शोभायात्रा भाकला स्थित बंबा घाट पुल पर पहुंची, जहां प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। शोभायात्रा में आसपास के गांवों के लोगों की भी भागीदारी रही। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। शोभायात्रा के मार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही और शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए पुलिस बल सतर्क नजर आया। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here