एएनआई, मुंबई। धडगांव तालुका के मोडलगांव गांव में अरंडी के बीज खाने से आठ बच्चे संदिग्ध फूड पॉइजनिंग की चपेट में आ गए। इस घटना में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि बाकी सात बच्चों का इलाज धडगांव ग्रामीण अस्पताल में चल रहा है।
गांव में बच्चे अरंडी के बीज खा बैठे थे, जिसके बाद उन्हें उल्टी, दस्त और कमजोरी जैसे लक्षण महसूस होने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें धडगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान एक बच्ची की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। बाकी सात बच्चों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और वे चिकित्सकों की निगरानी में हैं।
अरंडी के बीज जहरीले होते हैं और इन्हें खाने से गंभीर विषाक्तता हो सकती है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है। गांव वालों को अरंडी के पौधों और बीजों से बच्चों को दूर रखने की सलाह दी गई है।
