16 साल तक फरार रहा सड़क दुर्घटना का आरोपी, 300 KM का पीछा कर केरलम पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबोचा

0
3

डिजिटल डेस्क, पट्टनक्कड। केरल के तटीय जिले में 2010 में हुए एक सड़क हादसे के एक आरोपी को 16 साल तक फरार रहने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई थी। इस बात की जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी।

केरलम पुलिस ने एक बयान में कहा कि आरोपी पिछले 16 साल से तमिलनाडु में छिपा हुआ था। हाल ही में जब वह केरल लौटा तो थन्नेरमुक्कम बंड रोड के पास पट्टनक्कड पुलिस थाने की एक टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

दीपावली वाले दिन मिली आरोपी के पहुंचने की सूचना

पुलिस के अनुसार, 2010 में थुंबोली के पास आरोपी द्वारा चलाई जा रही एक गाड़ी की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई थी। बयान में कहा गया है कि दीपावली के दिन पुलिस को आरोपी के बारे में सूचना मिली। वह एक फर्जी नाम और पते पर रह रहा था।

जिला पुलिस प्रमुख के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें चेरथला के डीएसपी मंजूलाल, पट्टनक्कड़ के एसआई डोमिनिक मैथ्यू, एसआई रतीश और वरिष्ठ सिविल पुलिस अधिकारी अरुण कुमार शामिल थे।

वापस तमिलनाडु भागने की थी तैयारी

बयान के अनुसार, जब आरोपी पट्टानक्कड़ इलाके के पास मौजूद था तो उसको एहसास हुआ कि पुलिस उसका पीछा कर रही है। उसने चंगनासेरी, तिरुवल्ला, पाला, एराट्टुपेट्टा, वागामोन और कुमिली के रास्ते तमिलनाडु वापस भागने की कोशिश की लेकिन पट्टानक्कड़ पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर वागामोन और कुमिली पुलिस थानों ने सीमाओं पर चेकिंग बढ़ा दी।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने उन रास्तों को छोड़ दिया और कोट्टायम जिले में वेचूर-कलारा सड़क के रास्ते भागने की कोशिश की। बयान में कहा गया है कि पट्टानक्कड़ पुलिस टीम ने लगभग 300 किलोमीटर तक उसका पीछा किया, जिस गाड़ी में वह सफर कर रहा था उसे रोका और उसे काबू में कर लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here