बस्ती में छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी किया है। 15 और 16 नवंबर को निर्धारित समय में रामचंद्र शुक्ल तिराहा से अमहट पुल और निर्मली कुंड की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। दो दिन लागू रहेगा डायवर्जन पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के अनुसार, 15 नवंबर को दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक और 16 नवंबर को सुबह तीन बजे से 10 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान रामचंद्र शुक्ल तिराहा से अमहट पुल की ओर वाहनों के जाने पर रोक रहेगी। इसी तरह अमहट पुल से रामचंद्र शुक्ल तिराहा की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे। निर्मली कुंड की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा। चार स्थानों पर बनाई गई पार्किंग श्रद्धालुओं के वाहनों को खड़ा करने के लिए चार स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इनमें पुलिस अधीक्षक आवास के सामने खाली स्थान, अमहट पुल के आगे सर माउंट स्कूल के सामने, सर्किट हाउस के सामने खाली स्थान और निर्मली कुंड से पहले स्थित पार्क शामिल हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन ले जाने से बचें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। निर्धारित डायवर्जन का पालन करने से श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में सुविधा होगी और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी।