रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ने के बाद मुख्यमंत्री बुधवार को रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल पहुंचे। रूपी सोरेन पिछले 20 से अधिक दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं।
सूत्रों के मुताबिक, उनकी तबीयत को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बुधवार के अपने कई कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। शाम में प्रोजेक्ट बिल्डिंग में होने वाली स्टेट कैबिनेट की बैठक भी स्थगित कर दी गई है। अस्पताल में चिकित्सकों की एक टीम रूपी सोरेन के इलाज और स्वास्थ्य की निगरानी में जुटी है। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से उपचार की प्रगति और उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली।
अस्पताल की प्रमुख डॉ. सुषमा प्रिया खुद उनकी स्थिति पर निगरानी रख रही हैं। हालांकि, अस्पताल की ओर से बुधवार को उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। रूपी सोरेन लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही हैं। 18 सितंबर को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उस समय चिकित्सकों की जांच में छाती में संक्रमण की पुष्टि हुई थी और उनकी हालत नियंत्रण में बताई गई थी। इसके पहले उपचार और स्वास्थ्य जांच के लिए बेंगलुरु गई थीं और वहां से रांची लौटने के बाद दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, उनकी मां की तबीयत को लेकर मुख्यमंत्री व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। रूपी सोरेन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक अध्यक्ष शिबू सोरेन की पत्नी हैं। उनके लंबे समय से अस्वस्थ रहने के कारण परिवार के लोग भी उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अस्पताल के चिकित्सकों के संपर्क में हैं। इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के कई नेताओं ने रूपी सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
“खबर वही, जो सबसे पहले आप तक पहुँचे!
भारत की अपनी खबर, आपके अपने अंदाज़ में
📲 ब्रेकिंग • लोकल • ट्रेंडिंग खबरों के लिए अभी जुड़ें:
👉 https://t.co/g7ivX40QAK“आपकी खबर, आपका MNT”
https://t.co/vwEVHjJMzQ https://t.co/z3JMz4j0Td
— Mnt News Bharat (@mntnewsbharat) October 5, 2026























