श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक के नासिरगंज कस्बे में महादेव शिवालय मंदिर का मुख्य रास्ता पाइपलाइन की खोदाई के बाद से खराब है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जल जीवन मिशन के तहत दो-तीन साल पहले पाइपलाइन बिछाने के लिए रास्ता खोदा गया था। इसके बाद न तो सड़क की मरम्मत हुई और न ही जलापूर्ति शुरू हुई।
खोदाई के बाद मिट्टी ठीक से नहीं भरी गई, जिससे इंटरलॉकिंग रास्ता बीच से धंस गया है। कई जगह गड्ढे भी बन गए हैं।
खराब रास्ते से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को रोज परेशानी होती है। गड्ढों और उखड़े रास्ते से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मुख्य रास्ते की मरम्मत कराने और बंद जलापूर्ति शुरू करने की मांग की है।
