
रिसिया-बहराइच में एक उपद्रवी लंगूर को पकड़ने की कोशिश एक बार फिर नाकाम हो गई। यह लंगूर कस्बे में आतंक का पर्याय बना हुआ है। पिछले एक महीने में इसके हमले से एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे यह लंगूर इंदिरा नगर और पानी की टंकी के पास घंटों बैठा रहा। वन कर्मियों को सूचना मिली तो वे जाल लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने फल का लालच देकर लंगूर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। थोड़ी देर बाद लंगूर कोआपरेटिव के पास एक कार पर काफी देर तक बैठा रहा। जब तक वन कर्मी उस पर जाल डालते, वह उछलकर एक बाइक पर बैठ गया। वन कर्मियों ने दोबारा जाल फेंका, लेकिन लंगूर देवीपुरा निवासी एक व्यक्ति पर हमला करने के लिए कूद गया। हालांकि, वह अपने इस प्रयास में असफल रहा। इसके बाद लंगूर पानी की टंकी के पास एक मंदिर पर जाकर बैठ गया, जिससे वन कर्मी उसे पकड़ नहीं पाए। कस्बे में लंगूर की मौजूदगी से लोगों में अभी भी दहशत बनी हुई है।
































