
बस्ती में रुधौली में गुरुवार रात पोखरे की रखवाली करने गए 61 वर्षीय बुजुर्ग की सांप के डसने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुधौली लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पोखरे की करते थे रखवाली रुधौली थाना क्षेत्र के शहीद कीर्तिकर निषाद नगर वार्ड निवासी पलटू राम नगर पंचायत के कामता प्रसाद नगर वार्ड के गिधार में स्थित एक पोखरे में मछली पालन की देखरेख करते थे। वह रोज की तरह गुरुवार रात भी पोखरे की रखवाली करने गए थे। रात में किसी समय सांप ने उनके पैर में डस लिया। सुबह फोन करने पर नहीं मिला जवाब मृतक के बेटे राहुल ने बताया कि शुक्रवार सुबह उसने पिता के मोबाइल पर फोन किया। कई बार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार के लोग गिधार स्थित पोखरे पर पहुंचे। वहां पलटू राम बेहोशी की हालत में पड़े मिले। सीएचसी पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत परिजनों के मुताबिक, पलटू राम के मुंह से झाग निकल रहा था और शरीर पर कालेपन के निशान दिखाई दे रहे थे। पैर से खून भी निकल रहा था। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी रुधौली लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बुजुर्ग की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। रुधौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम समेत अन्य कार्रवाई कराई जा रही है।
































