
महराजगंज के पनियरा नगर में रविवार को ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने आत्मरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक रैली निकाली। इस आयोजन में जिले के छह ब्लॉकों से लगभग 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया और कलर ग्रेडिंग बेल्ट टेस्ट में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह रैली नगर स्थित संत साईं सैनिक जूनियर हाईस्कूल से शुरू हुई। पनियरा, नौतनवा, निचलौल, सिसवा, धानी और सदर ब्लॉक के ताइक्वांडो खिलाड़ी हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर दुर्गा मंदिर चौराहे तक पहुंचे। रैली के माध्यम से लोगों को आत्मरक्षा के महत्व और ताइक्वांडो सीखने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के बाद विद्यालय परिसर में कलर ग्रेडिंग बेल्ट टेस्ट का आयोजन किया गया। महराजगंज जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव अभिषेक विश्वकर्मा ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो एक खेल होने के साथ-साथ आत्मरक्षा के लिए भी अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने खिलाड़ियों को ऐसे आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य आलोक श्रीवास्तव ने इस तरह के आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इनसे क्षेत्र में ताइक्वांडो खेल को बढ़ावा मिलेगा और बच्चों में आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन रिजवान अहमद फैजी ने किया। इस अवसर पर प्रशिक्षक राहुल राय, सौजन्य स्नेह प्रियदर्शी, आकाश, उत्सव शर्मा, फराज, रियाज अली, संजय, श्वेता, रिद्धि चौहान, जुबेर, अरशद, संदीप गुप्ता, कृष्ण कुमार, पन्नेलाल और संजय कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
Home लेटेस्ट न्यूज़ पनियरा में ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने निकाली जागरूकता रैली:आत्मरक्षा के प्रति लोगों को...



























