बस्ती में प्रतिमा विसर्जन जुलूस के हंगामे पर 6-पुलिसकर्मी सस्पेंड:2 दरोगा-1 हेड कांस्टेबल और 3 कांस्टेबल पर कार्रवाई; 40 पर मुकदमा

0
2

बस्ती के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुए हंगामे के मामले में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मंगलवार शाम करीब 6 बजे हुई इस कार्रवाई में दो उपनिरीक्षक, एक हेड कांस्टेबल और तीन कांस्टेबल शामिल हैं। ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में निलंबन के साथ संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है। प्रतिमा खंडित करने के आरोप पर बिगड़ा माहौल पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब 11:30 बजे पिपरा रामकिशुन से प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए निकले जुलूस में सूर्या हॉस्पिटल के पास हंगामा हो गया था। जुलूस में शामिल लोगों ने एक समुदाय के कुछ लोगों पर प्रतिमा खंडित करने का आरोप लगाया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। इस दौरान अस्पताल चौराहे पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर जुलूस आगे बढ़वाया, लेकिन रोडवेज चौराहे पर दोबारा जाम लगा दिया गया। स्थिति संभालने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत को मौके पर पहुंचना पड़ा। मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारी प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए आगे बढ़े। देर रात करीब 2 बजे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। छह पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज एसपी की कार्रवाई में प्लास्टिक कॉम्प्लेक्स चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी, दक्षिण दरवाजा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमित कुमार, दक्षिण दरवाजा चौकी के हेड कांस्टेबल संजय कुमार यादव, कांस्टेबल संतोष कुमार गुप्ता, कमलेश कुमार गौंड और धर्मेंद्र यादव को निलंबित किया गया है। पुलिस विभाग के स्तर पर शुरू हुई जांच में ड्यूटी के दौरान हुई लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जाएगी। 10 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा मंगलवार सुबह 9:07 बजे भोला जायसवाल की तहरीर पर 10 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। प्रतिमा खंडित करने का आरोप जुलूस में शामिल लोगों ने लगाया था। मामले में दर्ज मुकदमे और पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here