Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश बंगाल: नाली से मिला नवजात का शव, कुत्ता खींचता रहा और सिस्टम...

बंगाल: नाली से मिला नवजात का शव, कुत्ता खींचता रहा और सिस्टम सोता रहा

0
1

जागरण संवाददाता, बहरमपुर (मुर्शिदाबाद)। बहरमपुर में सड़क किनारे नाली में नवजात का शव पड़ा मिला। शव को आवारा कुत्ते खींच रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नाले में नवजात कितनी देर से पड़ा था, इस बात से सिस्टम ना-वाकिफ था।

बीती शाम बहरमपुर के नियालिशपाड़ा गोलजान ग्राम पंचायत इलाके में कथलतला दुर्गा मंदिर के पास एक आवारा कुत्ते को सड़क किनारे की नाली से नवजात का शव खींचते हुए देखा गया।

स्थानीय लोगों ने कुत्ते को भगाकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर सुबह दो महिलाएं संदिग्ध अवस्था में घूमती हुई नजर आईं।

उनके पास एक प्लास्टिक बैग था और वे नाले के पास जाती दिखीं। हालांकि, अभी तक दोनों महिलाओं की पहचान नहीं हो सकी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

बताया जा रहा है कि शव इतनी बुरी तरह क्षतविक्षत था कि नवजात के लिंग की पहचान करना भी मुश्किल हो गया।

यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे को नाले के पास छोड़े जाने से पहले उसकी मौत हो चुकी थी या उसे जीवित अवस्था में ही वहां फेंका गया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध महिलाओं की शिनाख्त और मामले की छानबीन में जुटी है।