श्रावस्ती के भिनगा में पुलिस ने प्राथमिक विद्यालय मक्कनपुर से चोरी के मामले में सलीम उर्फ निबई को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 2 सीलिंग फैन, 45 किलो चावल और 700 रुपए बरामद किए।
प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह के नेतृत्व में कोतवाली भिनगा पुलिस ने किशुनपुर चोरवाभारी पुलिया के पास रात की गश्त के दौरान सलीम को पकड़ा। वह गोली उर्फ इब्राहिम का बेटा है और मुजहेनिया, थाना इकौना, जिला श्रावस्ती का रहने वाला है।
प्राथमिक विद्यालय मक्कनपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक कृष्ण प्रताप मौर्य ने 29 अक्टूबर 2026 को पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर को अज्ञात चोर ने स्कूल का ताला तोड़कर 2 सीलिंग फैन, 2 बोरी चावल और एक भगौना चुरा लिया था।
पुलिस ने केस नंबर 515/2026 में बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया था। सब-इंस्पेक्टर प्रेमानन्द इसकी जांच कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, सलीम ने पूछताछ में बताया कि उसने चोरी का सामान छिपाकर रखा था। उसने एक भगौना और एक बोरी चावल बेच दी थी। बिक्री के 700 रुपए उसके पास बचे थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद किया।
गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी के बाद केस में बीएनएस की धारा 331(4) और 317(2) जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी को चालान कर अदालत भेज दिया।
सलीम के खिलाफ पहले भी तीन मामले दर्ज हैं: 2022 में कोतवाली भिनगा में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत केस नंबर 182/2022; इकौना थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत केस नंबर 141/2022; और एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत केस नंबर 268/2022।
विद्यालय से चोरी के सामान के साथ आरोपी गिरफ्तार:भिनगा पुलिस ने 2 पंखे, 45 किलो चावल और 700 रुपए बरामद किए
‘कांग्रेस लगातार तीन चुनाव क्यों हारी?’, दिल्ली में इंडी गठबंधन की रैली से पहले किरेन रिजीजू ने पूछे सवाल
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर होने जा रही इंडी गठबंधन की महारैली को लेकर देशभर की सियासत में गर्माहट तेज है।
ऐसे में इस महारैली ठीक एक दिन पहले, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पार्टी के सामने 5 बड़े और कड़े सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने कांग्रेस को खुली चुनौती दी है।
पहला सवाल- 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर
केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कांग्रेस की महारैली से पहले पहला सवाल पूछा कि जब 2014 के लोकसभा चुनाव उस चुनाव आयोग द्वारा कराए गए थे, जिसके सदस्यों को कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए (UPA) सरकार ने ही नियुक्त किया था, तो ऐसे में कांग्रेस सिर्फ 44 सीटों पर कैसे सिमट गई थी?
दूसरा सवाल हालिया हार पर
रिजिजू ने पूछा कि वर्तमान CEC ज्ञानेश कुमार 2024 के आम चुनावों के समय मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं थे उन्हें चुनाव से ठीक पहले EC नियुक्त किया गया था और 2025 में शीर्ष पद पर प्रमोट किया गया। इसके बावजूद कांग्रेस 2024 का चुनाव क्यों हार गई और उसे लगातार तीसरी बार लोकसभा चुनाव में हार का सामना क्यों करना पड़ा?
तीसरा सवाल इस्तीफे और माफी पर
केंद्रीय मंत्री ने पूछा कि यदि कांग्रेस का यह दावा है कि चुनाव भाजपा के पक्ष में मैनेज किए जाते हैं, तो क्या कांग्रेस पार्टी उन सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से इस्तीफा दिलवाएगी और जनता से माफी मांगेगी, जहां 2014 से 2026 के बीच कांग्रेस या उसके सहयोगियों की सरकारें बनी हैं?
मतदाता सूची को लेकर पूछा चौथा सवाल
किरेन रिजजू ने आगे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या वोटर लिस्ट से अवैध प्रवासियों, मृत व्यक्तियों और अपनी जगह बदल चुके लोगों के नाम हटाए जाने चाहिए या नहीं?
इसके अलावा पांचवा सवाल रिजिजू ने पुराने संशोधनों को लेकर पूछा। उन्होंने सवाल किया कि क्या चुनाव आयोग की तरफ से इससे पहले की गई 8 ऐसी ही रिविजन प्रक्रियाएं भी ‘अवैध’ थीं?
बड़वार में सड़क के गड्ढों में भरा बारिश का पानी:राहगीरों और स्कूली बच्चों को परेशानी, पीडब्ल्यूडी ने जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया
पनियरा के बड़वार गांव में भारत ट्रेडर्स की दुकान के सामने पनियरा-खुटहा मुख्य मार्ग पर बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश का पानी इनमें भरने से सड़क पर तालाब जैसी स्थिति बन गई है। राहगीरों और ग्रामीणों को यहां से गुजरने में परेशानी हो रही है। साइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चे गड्ढों और पानी में फंसकर गिर रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, बच्चों के स्कूल बैग और ड्रेस भी गंदे पानी से खराब हो जाते हैं। ग्रामीण चंद्र बदन सिंह, रणजीत सिंह, विजय सिंह, नागेंद्र यादव, मनीष गुप्ता और सभासद राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क खराब होने और जलभराव से रोज हादसों का अंदेशा रहता है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के जेई के.के. दुबे ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। सड़क के गड्ढे प्राथमिकता के आधार पर जल्द भरवाए जाएंगे।
नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने का आरोप:बस्ती में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज, नाबालिग की खोज जारी
थाना नगर क्षेत्र में नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस नाबालिग की तलाश कर रही है और आरोपी गांधी दूबे को खोज रही है।
परिजनों की तहरीर के मुताबिक, घटना 29 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे हुई। आरोप है कि गांधी दूबे पुत्र शिवशंकर दूबे नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया।
परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने 30 अक्टूबर को थाना नगर में आवेदन दिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। नाबालिग की तलाश के लिए टीम बनाई गई है। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी नगर राम प्रसाद यादव ने कहा कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है और नाबालिग को जल्द खोज लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी और नाबालिग का परिवार एक ही इलाके में रहता है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
आंध्र प्रदेश के स्कूल में लकड़ी काटने वाली आरी से छात्रों पर हमला, 2 छात्राएं घायल; CM नायडू ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के राप्टाडु मंडल में शनिवार सुबह एक सरकारी स्कूल में पढ़ाई चल रही थी तभी 21 साल का एक युवक लकड़ी काटने वाली आरी लेकर 10वीं कक्षा के कमरे में घुस गया। उसने दो छात्राओं पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गईं। इनमें से एक की हालत गंभीर है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हमला सुबह करीब 10:30 बजे रापताडू गांव के जिला परिषद हाई स्कूल में हुआ। यह घटना क्लासरूम के अंदर हुई, जहां एक शिक्षक मौजूद थे और पढ़ाई चल रही थी।
एयर एंबुलेंस के जरिए बेंगलुरु ले जाई जाएगी छात्रा
दोनों लड़कियों को इमरजेंसी इलाज के लिए सीधे अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल ले जाया गया। उनमें से एक की वहां गंभीर सर्जरी चल रही है और उसे एयर एम्बुलेंस के जरिए बेंगलुरु के एक अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी का नाम हेमंत उर्फ डुम्मू है। बताया जाता है कि हमले के बाद वह स्कूल से भाग गया था। बाद में उसे धर्मावरम रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि वह श्री सत्य साईं जिले के धर्मवरम मंडल के नागालुर का रहने वाला है और लड़की का दूर का रिश्तेदार बताया जाता है।
इस हमले से छात्रों और स्टाफ के बीच दहशत फैल गई। पुलिस ने घटनाक्रम का पता लगाने और हमले के पीछे की परिस्थितियों को समझने के लिए जांच शुरू कर दी है। हमले के मकसद की भी जांच की जा रही है।
सीएम नायडू ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर पोस्ट किया, “राप्टाडु जेडपी हाई स्कूल में 10वीं कक्षा की एक छात्रा पर उसकी क्लास के अंदर हुए बर्बर हमले से मैं गहरे सदमे में हूं और बेहद आक्रोशित हूं। जो हमलावर स्कूलों के अंदर हमारी बच्चियों को निशाना बनाते हैं, उनके लिए हमारे समाज में कोई जगह नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं व्यक्तिगत रूप से उसके ठीक होने की प्रक्रिया पर नजर रख रहा हूं और मैंने मेडिकल टीम को निर्देश दिया है कि वे उसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ देखभाल दें। मैंने पुलिस को आदेश दिया है कि वे इस घटना के लिए जिम्मेदार दरिंदे को ढूंढ़ निकालें और उसे जल्द से जल्द सबसे कड़ी कानूनी सजा दिलाएं।”
सरदार पटेल की जयंती पर स्कूलों में कार्यक्रम हुए:बीजेपी नेताओं ने प्रतिमा पर फूल चढ़ाए, बच्चों को पेंसिल-कॉपी दी
सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर सिरसिया ब्लॉक में कार्यक्रम हुए। बीजेपी नेताओं ने उनकी प्रतिमा पर फूल चढ़ाए। ब्लॉक के कई स्कूलों में भी पटेल की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर मिठाई बांटी गई। बच्चों ने नारे लगाए। बीजेपी किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अविनाश सिंह लव बाबा ने पटेल की प्रतिमा पर माला और फूल चढ़ाए। बीजेपी अनुसूचित जाति के जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार सरोज ने भी सरदार वल्लभ भाई पटेल कमेटी पर माला पहनाई। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे। बीजेपी जिला अध्यक्ष अविनाश सिंह ने बच्चों को पेंसिल और कॉपी दी। लक्ष्मणपुर बाजार मंडल के उपाध्यक्ष बबलू त्रिपाठी और प्रशांत कुमार ने लिटिल फ्लावर स्कूल में फूल चढ़ाकर पटेल को याद किया। स्कूल के प्रधानाचार्य आदर्श श्रीवास्तव ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल को लौह पुरुष कहा जाता था। उन्होंने आजादी में योगदान दिया था। उन्होंने बच्चों को बताया कि गुजरात में पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाई गई है। इस दिन आचार्य नरेंद्र देव की जयंती भी मनाई गई।
रिभव ऋषि का बिचौलिया था विक्रम वधवा, 132 बार फोन पर बातचीत; हरियााण में 504 के घोटाले में जमानत नहीं
जागरण संवाददाता, पंचकूला। हरियाणा के सरकारी विभागों के खातों से करीब 504 करोड़ रुपये के घोटाले मामले में गिरफ्तार रियल एस्टेट कारोबारी विक्रम वधवा को अदालत से राहत नहीं मिली है।
सीबीआई की विशेष अदालत ने मामले में मुख्य सह आरोपित विक्रम वधवा की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि आरोपित की भूमिका और उसके खिलाफ जांच में सामने आए साक्ष्यों को देखते हुए उसे राहत नहीं दी जा सकती।
सीबीआई के अनुसार, हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों की राशि आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और निजी बैंक में जमा थी। खातों और एफडीआर में गड़बड़ी सामने आने के बाद जांच शुरू हुई थी।
बाद में राज्य सरकार के निर्देश पर मामला सीबीआई को सौंप दिया गया। जांच में करीब 504 करोड़ रुपये सरकारी खातों से निकालकर फर्जी कंपनियों के माध्यम से ट्रांसफर किए गए।
यह भी पढ़ें- डेढ़ हजार की नौकरी से 590 करोड़ के घोटाले तक, रियल एस्टेट इन्वेस्टर विक्रम वधवा की हैरान करने वाली कहानी
अधिकारियों के साथ संपर्क साधने का काम करता था वधवा
जांच एजेंसी के मुताबिक चंडीगढ़ के सेक्टर-36डी निवासी विक्रम वधवा मुख्य आरोपित रिभव ऋषि के लिए बिचौलिए की भूमिका निभाता था। उस पर सरकारी अधिकारियों से संपर्क साधने, बैंक खातों और फंड ट्रांसफर में मदद करने और कथित हेराफेरी की रकम को ठिकाने लगाने का आरोप है।
विक्रम और रिभव ऋषि के बीच जून 2024 से जनवरी 2026 के दौरान 132 बार फोन पर बातचीत हुई। आरोपित के नाम और रकम का उल्लेख एक अन्य आरोपित के मोबाइल में मिले नोट में भी था।
बचाव पक्ष ने दलील दी कि विक्रम का बैंक या सरकारी विभागों से कोई संबंध नहीं था और उसके लेनदेन सामान्य कारोबारी गतिविधियों का हिस्सा थे। हालांकि अदालत ने मामले की गंभीरता, आरोपित की कथित भूमिका और बड़ी रकम के लेनदेन को देखते हुए उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई।
आंधी-बारिश से धान की फसल खेतों में गिरी:सिसवा के कुईया, बेलवा और गौरी में खेतों में पानी भरा
महराजगंज के सिसवा ब्लॉक के कुईया, बेलवा और गौरी गांवों में कल रात तेज आंधी और बारिश से पकी धान की फसल खेतों में गिर गई। खेतों में पानी भी भर गया। किसानों के मुताबिक, धान की फसल कटाई के लिए तैयार थी। पानी में डूबने से फसल के सड़ने की आशंका है। स्थानीय किसान समीउल्लाह, नूरहसन, माजिद और प्रमोद ने बताया कि इस साल उन्हें अच्छी पैदावार की उम्मीद थी। कल रात की बारिश से उनकी फसल को नुकसान हुआ। समीउल्लाह ने कहा, “रात भर तेज हवा और बारिश होती रही। सुबह देखा तो पूरी फसल जमीन पर गिरी थी और खेत में पानी भरा था। अब फसल सड़ जाएगी।”
बस्ती में धान की तैयार फसल खेतों में गिरी:चिलमा, ऊंची; बरसाव समेत कई गांवों में नुकसान
बस्ती जिले के दुबौलिया ब्लॉक में बारिश के बाद धान की तैयार फसल खेतों में गिर गई। नाचना, चिलमा, ऊंची बरसाव समेत कई गांवों के किसानों को नुकसान हुआ है।
स्थानीय किसान राजू सिंह ने बताया कि धान की फसल पककर तैयार थी और कटाई की तैयारी चल रही थी। बारिश के कारण फसल खेतों में गिर गई। उन्होंने कहा कि पानी में भीगी पकी फसल एक-दो दिन में खेत में ही अंकुरित होने लगती है। इससे फसल की गुणवत्ता खराब हो सकती है और किसानों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।
किसान रामजोर ने बताया कि उन्होंने अपने दो बीघा खेत की धान की फसल काटकर खेत में रखी थी। बारिश से पूरी फसल भीग गई है। अब उसे सुरक्षित निकालना मुश्किल हो रहा है। क्षेत्र के अन्य किसानों की तैयार फसल भी बारिश से खराब हुई है।
किसानों ने बताया कि धान की खेती में बीज, खाद, सिंचाई और मजदूरी पर खर्च किया गया था। फसल तैयार होने के समय हुई बारिश से उन्हें नुकसान हुआ है।
किसानों ने जिला प्रशासन और शासन से मांग की है कि प्रभावित गांवों में राजस्व विभाग की टीम भेजकर फसल के नुकसान का सर्वे कराया जाए। उन्होंने पात्र किसानों को मुआवजा देने की भी मांग की है।