Home Blog Page 130

लक्ष्मी पूजा के बाद प्रतिमाएं विसर्जन के लिए पहुंचीं:विक्रमजोत के कल्याणपुर घाट पर सरयू नदी में विसर्जन; पुलिस सुरक्षा के बीच गांवों से निकलीं यात्राएं

विक्रमजोत विकास क्षेत्र के गांवों में मां सरस्वती की पूजा का समापन हो गया। इसके बाद प्रतिमाएं विसर्जन के लिए कल्याणपुर घाट पहुंचने लगीं। यह घाट सरयू नदी के तट पर है। खबर लिखे जाने तक प्रतिमाओं के साथ बड़ी संख्या में महिला-पुरुष डीजे की धुन पर नाचते-गाते नदी की ओर बढ़ रहे थे। विसर्जन यात्रा के दौरान विक्रमजोत चौकी प्रभारी सभाजीत मिश्र पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की मौजूदगी में यात्रा आगे बढ़ती रही।

ममता बनर्जी के बिना मनाया गया तृणमूल का भैया दूज, चंद्रिमा ने निभाई बहन की भूमिका

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर बदले राजनीतिक माहौल की झलक इस बार भैया दूज के आयोजन में भी दिखी। हर साल ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर होने वाला भैया दूज समारोह इस बार नहीं हुआ।

इसके बजाय तृणमूल भवन में पार्टी की वरिष्ठ नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने भैया दूज का आयोजन किया। उन्होंने अरूप विश्वास, मदन मित्रा और जावेद खान समेत कई नेताओं को टीका लगाया। आयोजन में ममता बनर्जी के भाई बाबुन बंद्योपाध्याय भी शामिल हुए।

दरअसल, कालीपूजा से ठीक पहले अभिषेक बनर्जी के जन्मतिथि समारोह को लेकर भवानीपुर में तनाव की स्थिति बनी थी। इसके बाद ममता बनर्जी ने इस बार विजयादशमी मिलन और भैया दूज का आयोजन नहीं करने का फैसला किया था।

तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने इसकी वजह पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमले, हिंसा, पुलिसिया कार्रवाई और झूठे मुकदमों के विरोध को बताया था। उल्लेखनीय है कि पहले ममता के कालीघाट स्थित आवास पर भैया दूज का आयोजन बड़े उत्साह से होता था।

मंगलवार को बाबुन से पूछा गया था कि क्या वह ममता बनर्जी से भैया दूज का टीका लगवाने जाएंगे। इस पर उन्होंने कहा था कि उन्हें ठीक से आमंत्रित नहीं किया गया और अब बुलाए जाने पर भी वह नहीं जाएंगे।

बाद में वह तृणमूल भवन पहुंचे और चंद्रिमा से टीका लगवाया। भाजपा नेता दिलीप घोष ने ममता के भैया दूज नहीं मनाने को लेकर तंज कसा। कहा कि पहले लोग सत्ता का टीका लेने आते थे, लेकिन अब सत्ता का प्रभाव नहीं रहा तो भैया दूज भी नहीं हो रहा।

38 साल पुराने मारपीट के मुकदमे में दो दोषी:कोर्ट उठने तक की सजा और एक-एक हजार रुपए जुर्माना

श्रावस्ती में करीब 38 साल पुराने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में आखिरकार अदालत का फैसला आ गया। वर्ष 1988 में दर्ज मुकदमे में दो अभियुक्तों को दोषी ठहराते हुए न्यायालय ने कोर्ट उठने तक के कारावास और एक-एक हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। बुधवार को पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, फैसला 5 नवंबर 2026 को सुनाया गया था। पुलिस के अनुसार, थाना इकौना में मुकदमा संख्या 34/1988 भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 452, 323, 504 और 506 के तहत दर्ज किया गया था। मामले में राम प्रताप पुत्र कल्पनाथ और रामभवन पुत्र भैखनाथ, निवासी बसनेटा, थाना इकौना पर वादी के घर में घुसकर मारपीट करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप था। वर्ष 1988 में दर्ज यह मुकदमा लंबे समय तक न्यायालय में चला। करीब चार दशक बाद दोनों अभियुक्त दोषी करार दिए गए। न्यायालय जेएम-01 बहराइच ने सुनवाई के बाद दोनों अभियुक्तों को दोषसिद्ध पाया। अदालत ने प्रत्येक को न्यायालय उठने तक का कारावास और एक हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। इस फैसले के साथ ही करीब 38 साल पुराने मामले में न्यायिक कार्रवाई अहम पड़ाव पर पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक, प्रदेश में चलाए जा रहे ऑपरेशन कनविक्शन अभियान का उद्देश्य महत्वपूर्ण और चिन्हित मुकदमों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाना है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ऐसे मामलों की निगरानी कर रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह को भी संबंधित थाना प्रभारियों और पैरोकारों के साथ समन्वय बनाकर प्रभावी पैरवी कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में मॉनिटरिंग सेल, जिला शासकीय अधिवक्ता और कोर्ट पैरोकार ने प्रभावी पैरवी की। पुलिस का कहना है कि अभियान के तहत पुराने मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अदालत में मजबूती से पक्ष रखा जा रहा है, ताकि पीड़ितों को न्याय मिले और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाई जा सके।

‘होटल, जमीन और लग्जरी पानी का जहाज जब्त’, अंडमान में घोटालेबाजों की 121 करोड़ की काली कमाई पर ईडी का बुलडोजर

पीटीआई, नई दिल्ली। ईडी ने अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में करीब 500 करोड़ रुपये के सहकारी बैंक घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 121.35 करोड़ रुपये की 40 संपत्तियां कुर्क की हैं। इनमें क्रोएशिया से आयात किए गए दो सेमी-सबमरीन पर्यटक जहाज, एक होटल, जमीन के भूखंड और बैंक जमा शामिल हैं।

ईडी ने बुधवार को बताया कि मनी लांड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत पांच नवंबर को कुर्की का अस्थायी आदेश जारी किया गया था। इसमें 35 अचल और पांच चल संपत्तियां शामिल हैं।

एजेंसी ने छह नवंबर को पोर्ट ब्लेयर स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में इस मामले में नया आरोपपत्र भी दाखिल किया है।

इस मामले में पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता कुलदीप राय शर्मा प्रमुख आरोपितों में शामिल हैं। वह अंडमान एवं निकोबार राज्य सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। ईडी ने उन्हें गिरफ्तार करने के बाद आरोपपत्र दाखिल किया था।

कुर्क संपत्तियों में जाय ग्रैंड होटल की जमीन और इमारत के अलावा करीब 2.11 करोड़ रुपये में क्रोएशिया से आयात किए गए दो सेमी-सबमरीन पर्यटक जहाज शामिल हैं। ये जहाज अंडमान एस्केपेड्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर पंजीकृत हैं।

ईडी का आरोप है कि कुलदीप राय शर्मा ने बैंक अधिकारियों और सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी कंपनियों के माध्यम से नियमों के विरुद्ध ऋण स्वीकृत कराए और रकम का दुरुपयोग किया।

एजेंसी के अनुसार, अब तक इस मामले में कुल 326 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं। दो आरोपपत्रों में कुल 52 आरोपितों के नाम शामिल हैं।

 

मोहनपुर में मां लक्ष्मी की प्रतिमा का विसर्जन:शोभायात्रा मोहनपुर बाईपास और रेलवे क्रॉसिंग तक पहुंची; पुलिस और पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे

महराजगंज के मोहनपुर में मां लक्ष्मी की प्रतिमा का विसर्जन शांतिपूर्ण माहौल में हुआ। विसर्जन से पहले प्रतिमा को मोहनपुर से मोहनपुर बाईपास और रेलवे क्रॉसिंग तक ले जाया गया। श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी के जयकारे लगाए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस की ओर से एसआई अनुराग प्रकाश पांडेय, कांस्टेबल मोहम्मद आलम और कांस्टेबल सतीश राव मौजूद रहे। लक्ष्मी पूजा समिति की ओर से आरिफ अहमद, प्रदीप जायसवाल, विकास कुमार, वासुकी नाथ, विपिन मद्धेशिया, विनय मद्धेशिया, मंजीत वर्मा, आशीष श्रीवास्तव और कन्हैया चौरसिया ने सहयोग किया। इनके अलावा कन्हैया शिव शंकर मद्धेशिया, सुरजीत साहनी और पिंटू जायसवाल के नाम भी समिति के सदस्यों में दिए गए हैं। समिति के सदस्यों ने पुलिस के सहयोग के लिए आभार जताया।

शिवाघाट पर मां लक्ष्मी की प्रतिमा विसर्जित:गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाला, पुलिस की निगरानी में हुआ विसर्जन

बस्ती के सोनहा थाना क्षेत्र स्थित शिवाघाट पर मां लक्ष्मी की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान दूर-दराज के गांवों से श्रद्धालु पहुंचे।
श्रद्धालु डीजे और गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकालकर प्रतिमा को विसर्जन स्थल तक लाए। उन्होंने भक्ति गीत गाए और जयकारे लगाए।
विसर्जन से पहले श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी की आरती और पूजा की। कार्यक्रम में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए।
विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए सोनहा थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही। पुलिसकर्मियों की निगरानी में प्रतिमा का विसर्जन हुआ।

महाराष्ट्र: बुद्ध विहार से भगवान बुद्ध और डॉ. आंबेडकर की पीतल की मूर्तियां चोरी, FIR दर्ज

पीटीआई, ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बुधवार तड़के अज्ञात चोरों ने एक बुद्ध विहार में घुसकर भगवान गौतम बुद्ध और डॉ. भीमराव आंबेडकर की पीतल की मूर्तियां चोरी कर लीं। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना कलवा इलाके के जय भीम नगर-2 स्थित त्रिरत्न बुद्ध विहार में हुई। इस बुद्ध विहार का उद्घाटन वर्ष 2019 में किया गया था। मंगलवार शाम को नियमित प्रार्थना के बाद मंदिर को बंद कर दिया गया था।

कलवा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह स्थानीय लोग बुद्ध विहार पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।

अंदर जाने पर श्रद्धालुओं ने देखा कि भगवान बुद्ध और डॉ. आंबेडकर की पीतल की मूर्तियां अपने आसनों से गायब थीं।

पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस की टीमें आरोपितों की पहचान करने और चोरी की गई मूर्तियों का पता लगाने में जुटी हैं।

गणेश-लक्ष्मी पूजा के चौथे दिन हवन:श्रावस्ती के एकघरवा में प्रसाद बांटा गया, 12 नवंबर को प्रतिमाओं का विसर्जन होगा

श्रावस्ती जिले के सिरसिया ब्लॉक की ग्राम सभा एकघरवा में गणेश-लक्ष्मी पूजा के चौथे दिन बुधवार को पूजा और हवन हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद पंडित शिवकुमार पाठक ने वैदिक मंत्रों के साथ हवन कराया। श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालकर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इसके बाद पूजा समिति ने प्रसाद बांटा। गांव के लोगों के साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने भी प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान पूजा समिति के सदस्यों ने आयोजन में सहयोग किया। समिति के सदस्यों ने बताया कि गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इसके साथ चार दिवसीय पूजा का समापन होगा।

अमूल और मदर डेयरी का दूध दो से चार रुपये प्रति लीटर महंगा, आज से लागू होंगी नई दरें

पीटीआई, नई दिल्ली। प्रमुख डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने दूध के दाम में दो से चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। यह बढ़ोतरी गुरुवार से लागू होगी। यह निर्णय किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ने और ईंधन के खर्च में बढ़ोतरी के कारण किया गया है।

बुधवार को जारी एक बयान में, अमूल ब्रांड के तहत दूध बेचने वाले गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) ने कहा कि उसने गुरुवार से दूध की कीमतों में 2-4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।

एनसीआर में सबसे बड़ी दूध आपूर्तिकर्ता मदर डेयरी ने भी दाम दो से चार रुपये प्रति लीटर बढ़ाए हैं, जो गुरुवार से लागू होंगे। मदर डेयरी ने एक बयान में कहा कि इनपुट और परिचालन लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण दूध के दाम में यह बदलाव करना जरूरी हो गया।

सहकारी संस्था जीसीएमएमएफ और मदर डेयरी ने इससे पूर्व इस साल मई में दूध की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी की थी। जीसीएमएमएफ ने पूरे भारत में बेचे जाने वाले ताजे पाउच दूध (विभिन्न प्रकार/पैक) के दामों में 4-5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।

जीसीएमएमएफ ने बताया कि हमारे सबसे ज्यादा बिकने वाले ‘अमूल ताजा’ टोंड मिल्क के दाम में दो रुपये प्रति लीटर और ‘अमूल गोल्ड’ दूध की कीमत में चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

एनसीआर में यह हैं बढ़े हुए दामएनसीआर में मदर डेयरी के टोंड दूध (पैकेट बंद नहीं) की कीमत 58 से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो गई है। फुल क्रीम दूध (पैकेट वाला) अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

टोंड दूध (पैकेट वाला) के दाम 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर हो गई है। गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

वहीं एएनआई के अनुसार, अमूल के अनुसार दाम में यह बदलाव उन उत्पादों पर लागू होगा, जिनकी बिक्री सबसे ज्यादा होती है। नई कीमतों के तहत अमूल ताजा टोंड मिल्क के दाम में दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है।

वहीं, अमूल गोल्ड दूध की कीमत में चार रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है।सहकारी संस्था जीसीएमएमएफ का कहना है कि दूध के उत्पादन और प्रोसेसिंग की लागत में भारी बढ़ोतरी के कारण कीमतों को बढ़ाया गया है।

संस्था ने बताया कि इस साल चारे, पशु आहार की सामग्री, दूध की पैकेजिंग और ईंधन की लागत में काफी बढ़ोतरी हुई है।

कहा कि गुजरात और देश के कई अन्य हिस्सों में कम और असमान वर्षा के कारण पैदा हुए चुनौतीपूर्ण हालात को देखते हुए हमें दूध की उपभोक्ता कीमतों में बढ़ोतरी करनी पड़ रही है।

बता दें कि मदर डेयरी एनसीआर में अपने आउटलेट्स, सामान्य खुदरा दुकानों और ई-कामर्स प्लेटफार्म के जरिए रोज लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है।

सिसवा बाजार में लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ:श्रद्धालुओं ने पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की, सुरक्षा के लिए कोठीभार पुलिस तैनात रही

नगर पालिका परिषद सिसवा के वार्ड नंबर 18, लक्ष्मीबाई नगर (लोहेपार) में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। विसर्जन यात्रा में श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़े। महिलाओं और बच्चों में भी उत्साह दिखा। भक्तों ने जयकारे लगाते हुए प्रतिमाओं को विदाई दी और अगले साल फिर आने की कामना की। सुरक्षा के लिए कोठीभार पुलिस के हेड कांस्टेबल राम भरोस यादव और कांस्टेबल नवीन तैनात रहे।