Home Blog Page 161

Somvati Amavasya 2026 | Basti Duboliya Women Worship Peepal & Lord Shiva

महिलाओं ने सोमवती अमावस्या पर पीपल की पूजा की।

बस्ती जिले के दुबौलिया ब्लॉक में सोमवार को सोमवती अमावस्या मनाई गई। महिलाओं ने पीपल के पेड़ की पूजा और परिक्रमा की। उन्होंने भगवान शिव को जल चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

.

चिलमा बाजार, दुबौलिया, विशेश्वरगंज और आसपास के गांवों में सुबह से पूजा शुरू हो गई। व्रत रखने वाली महिलाओं ने स्नान के बाद पूजा की। कई जगह महिलाएं समूह में पीपल के पेड़ के पास पहुंचीं।

मंदिरों और शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा की। व्रत रखने वाली सुनीता देवी ने बताया कि वह पहली बार सोमवती अमावस्या का व्रत कर रही हैं। उन्होंने परिवार की सुख-शांति और खुशहाली के लिए पूजा की।

ग्रामीण इलाकों में महिलाएं पुरानी धार्मिक परंपराओं का पालन कर रही हैं। बुजुर्ग महिलाओं के साथ युवा महिलाएं भी पूजा-पाठ में शामिल हुईं।

सोमवार को अमावस्या पड़ने के कारण इस दिन को धार्मिक रूप से खास माना जाता है। सोमवती अमावस्या पर स्नान, दान-पुण्य, पीपल पूजन और भगवान शिव की पूजा को फलदायी माना जाता है।

दीवाली पर दिल्ली से यूपी तक कई राज्यों में पटाखों से लगी आग, जम्मू में 12 दुकानें जली; नागपुर-पुणे में भी भारी तबाही

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दीवाली की धूम रविवार को पूरे देश में रही। लोगों ने पूजा कर जमकर पटाखे चलाए। इस दौरान कई जगहों पर आग लगने की खबरें सामने आईं। आग से जम्मू में 12 दुकानें जल गई वहीं बिहार के पटना में आग से दो दुकाने जल गई। नागपुर में शो-रूम में आग से कई गाड़ियां जल गईं।

कहीं फैक्ट्रियों तो कहीं गोदाम तो कहीं कबाड़ की दुकानें इस आग की भेंट चढ़ गईं। कई जगह शॉर्ट सर्किट से भी आग लगने की खबरें मिलीं।

दिल्ली के नजफगढ़ में लगी आग

सबसे पहले बात देश की राजधानी दिल्ली की। दिल्ली के नजफगढ़ के नांगली सकरावती इलाके में बनी एक गारमेंट फैक्ट्री में शाम को आग लगने की खबर मिली। यहां लगी आग काफी विकराल थी जिसको बुझाने में 25 दमकलों को भेजा गया। इधर, नरेला में रॉकेट के पेट में लगने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई।

यूपीः गाजियाबाद की कंपनी में लगी भयंकर आग

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र से सबसे ज्यादा भयंकर आग की खबर मिली। यहां नोवा बोल्ट प्लास्टिक कंपनी में भयानक लगने से काफी नुकसान हो गया। मिली जानकारी के अनुसार यहां पर प्लास्टिक की कुर्सियां बनाने का माल रखा जाता था। जिसमें लगी आग ने भयावह रूप ले लिया। एक दर्जन से अधिक दमकल को आग बुझाने के लिए लगाना पड़ा तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका।

हरियाणा- इंडस्ट्रियल एरिया में लगी आग

हरियाणा के सोनीपत स्थित बड़ी इंडस्ट्रियल एरिया (फेस-1) में आग लग गई थी। यहां पर जूसर-मिक्सर बनाने वाली नॉर्थ वेस्ट इंडस्ट्रीज की फैक्ट्री में भीषण आग लगने से काफी सामान जल गए। आग ने यहां फैक्ट्री में काफी नुकसान पहुंचाया।

महाराष्ट्र – शोरूम में भीष्ण आग

महाराष्ट्र के नागपुर के देव नगर स्क्वायर के पास सावरकर नगर में स्थित बाइक की शोरूम आग की भेंट चढ़ गई। यहां पर साई डायनेमिक्स टीवीएस शोरूम में आग लगने से कई दोपहिया वाहन जल गए। आग पटाखों की वजह से लगी जो पूरे शोरूम में फैल गई। पुणे में दिवाली के दिन आग लगने की 63 घटनाएं दर्ज की गईं।

बिहार – गोदाम व कबाड़ की दुकानें जलीं

राजधानी पटना के कृष्णा स्टील गोदाम में दीवाली की रात आग लग गई। आग लगते ही वहां कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। आग लगने से लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक और स्टील का सामान जल गया। वहीं, मनेर में पटाखे की चिंगारी से कबाड़ की दुकान में आग लगी जिससे दुकान में रखा सारा सामान जल गया।

तेलंगाना – फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के कटेदन इंडस्ट्रियल एरिया में प्लास्टिक ग्रैन्यूल बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने से लाखों का माल जल गया। आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है।

सिक्किम के पुराने अस्पताल में भी हादसा

दक्षिण सिक्किम के नामची में 1975 में बने पुराने अस्पताल परिसर में भी देर शाम आग लगने की सूचना है। हादसे में कोई ज्यादा नुकसान नहीं हुआ लेकिन राज्य सरकार ने सख्ती दिखाते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

राजस्थान- कई वाहन जले

पाली में पटाखों की दुकान में आग लगने की वजह से दो लोगों की मौत हो गई। आग ने यहं पर तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।

जम्मू-12 दुकानों में लगी आग

जम्मू के नेहरू मार्केट में आग से 12 से ज्यादा दुकानें जल गईं।

दीपावली पर जमुनहा बस स्टैंड की दुकानें सजीं:मिठाई की दुकान पर सुबह से भीड़, लड्डू, बर्फी और काजू कतली समेत कई मिठाइयां उपलब्ध

श्रावस्ती जिले के जमुनहा बस स्टैंड पर दीपावली के लिए दुकानें सजाई गई हैं। रंग-बिरंगी लाइटों और झालरों से बस स्टैंड रोशन है। मिठाई की दुकान पर सुबह से खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। दुकान पर लड्डू, बर्फी, जलेबी, गुलाब जामुन, रसगुल्ला, पेड़ा, सोनपापड़ी और काजू कतली समेत कई तरह की मिठाइयां उपलब्ध हैं। बस स्टैंड से गुजरने वाले यात्री भी रुककर मिठाई खरीद रहे हैं। दूर-दराज से आए लोग अपने घर के लिए मिठाई ले जा रहे हैं। दुकानों की सजावट से आसपास के बाजार में भी चहल-पहल बढ़ी है। शाम को बस स्टैंड पर रोशनी और लोगों की आवाजाही रहती है।

दीवाली बाद दिल्ली में जहरीली हुई हवा, AQI पहुंचा 404 के पार; मुंबई की स्थिति पिछले साल से 30 प्रतिशत बेहतर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दीवाली के ठीक अगले दिन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता तेजी से बिगड़ गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के सोमवार सुबह के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई हिस्सों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंचकर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया।

त्योहार के बाद बढ़े प्रदूषण के कारण शहर के अधिकांश हिस्सों में सुबह से ही घने स्मॉग की मोटी चादर छाई रही, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार

सीपीसीबी के अनुसार, गाजीपुर में AQI 418 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है, जबकि अक्षरधाम के आसपास यह 337 रहा, जिसे बहुत खराब श्रेणी में रखा गया है। शहर के कई निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया गया।

इनमें बुराड़ी क्रॉसिंग पर सबसे अधिक 441 एक्यूआई रहा। इसके बाद विवेक विहार में 437, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में 434, दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस और जहांगीरपुरी में 433-433 तथा रोहिणी में 430 दर्ज किया गया।

अन्य गंभीर श्रेणी वाले इलाकों में मुंडका (417), पंजाबी बाग (409), नरेला (407) और आईटीओ (407) शामिल रहे। इसके अलावा मथुरा रोड पर 396, आया नगर में 386, तालकटोरा गार्डन में 384, लोधी रोड पर 370, वजीरपुर में 365, आरके पुरम में 364, नजफगढ़ में 340 और आनंद विहार में 335 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बना हुआ है।

दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 की पाबंदियां पहले से लागू

प्रदूषण के स्तर में और गिरावट आने की आशंका को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दीवाली से तीन दिन पहले ही शुक्रवार को पूरे दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तीसरे चरण को लागू कर दिया था।

इस आपातकालीन योजना के तहत दिल्ली के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के एनसीआर जिलों में अतिरिक्त पाबंदियां लगाई गई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) और आईआईटीएम (IITM) के मौसम व प्रदूषण पूर्वानुमानों के आधार पर ये प्रतिबंध एहतियातन पहले ही लागू कर दिए गए थे, ताकि शहर का औसत एक्यूआई गंभीर श्रेणी में जाने से रोका जा सके।

Mumbai aqi

मुंबई में स्थिति मध्यम, लखनऊ में भी छाया स्मॉग

दूसरी ओर, मुंबई में सोमवार सुबह धुंध भरा माहौल देखा गया और बांद्रा तथा कलानगर इलाकों में स्मॉग की चादर देखने को मिली। हालांकि, मुंबई का कुल औसत एक्यूआई 170 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

मुंबई के कुछ निगरानी केंद्रों जैसे खेरवाड़ी-बांद्रा ईस्ट में एक्यूआई 264, शिवड़ी में 226, घाटकोपर में 221 और चेंबूर में 216 दर्ज हुआ, जो खराब स्तर को दर्शाता है। वहीं, वर्ली में यह 148 और कुर्ला में 96 रहा। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी सुबह के समय कई इलाकों में स्मॉग की मोटी परत छाई रही।

राजस्थान की राजधानी जयपुर शहर को कोहरे की एक हल्की परत ने घेर लिया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, इस इलाके में AQI 204 है, जिसे खराब श्रेणी में रखा गया है।

jaipur aqi

क्या है ग्रैप के चार चरण?

ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) वायु प्रदूषण की स्थिति से निपटने के लिए बनाया गया एक चार-स्तरीय आपातकालीन ढांचा है, जिसे हवा की गुणवत्ता खराब होने पर चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाता है।

स्टेज 1 (GRAP-I): जब AQI 201 से 300 के बीच खराब होता है। इसमें सड़कों से धूल हटाने, प्रदूषण मानकों को कड़ाई से लागू करने और खुले में कचरा जलाने पर रोक लगाई जाती है।

स्टेज 2 (GRAP-II): जब AQI 301 से 400 के बीच बहुत खराब होता है। इसमें पानी का छिड़काव बढ़ाने, पार्किंग फीस बढ़ाने और निजी वाहनों का उपयोग कम करने के उपाय शामिल हैं।

स्टेज 3 (GRAP-III): जब AQI 401 से 450 के बीच गंभीर पहुंच जाता है। इसके तहत गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ कार्यों पर पूरी रोक, पुराने बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाहनों के चलने पर प्रतिबंध और प्राथमिक स्कूलों के लिए ऑनलाइन/हाइब्रिड क्लास की व्यवस्था की जाती है।

स्टेज 4 (GRAP-IV): जब AQI 450 से ऊपर अति गंभीर या सीवियर प्लस हो जाता है। इसमें ट्रकों और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक और उद्योगों पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाते हैं।

कैसे मापा जाता है एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI)?

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, एयर क्वालिटी इंडेक्स को हवा की गुणवत्ता और उसके प्रभाव के आधार पर छह श्रेणियों में बाटा गया है। इसमें 0 से 50 के बीच का स्तर अच्छा और 51 से 100 तक का स्तर संतोषजनक माना जाता है।

वहीं, 101 से 200 के बीच का एक्यूआई मध्यम और 201 से 300 तक का पैमाना खराब श्रेणी में आता है। जब प्रदूषण का स्तर और बढ़ता है, तो 301 से 400 के बीच का आंकड़ा बहुत खराब और 401 से 500 के बीच का स्तर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया जाता है, जो सांस लेने के लिहाज से बेहद खतरनाक माना जाता है।

यह भी पढ़ें- दीवाली की आतिशबाजी से बेहद खतरनाक हुई दिल्ली की हवा, स्मॉग की चादर से ढकी राजधानी; AQI पहुंचा 400 पार

यह भी पढ़ें- देश में दीवाली की धूम, रंग बिरंगी रोशनी से नहाया आसमान; जमकर हुई आतिशबाजी तो दिल्ली में खराब हुई हवा की गुणवत्ता

तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी:लालपुर के पास युवक और महिला घायल, लोटन सीएचसी भेजे गए; पुलिस ने कार कब्जे में ली

महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में लालपुर के पास रविवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक विनोद और उनके साथ बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से लोटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के महाव निवासी विनोद महिला के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। लालपुर के पास कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। कार सामने से आ रही थी या पीछे से, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है।
हादसे के बाद स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से दोनों को अस्पताल ले जाया गया।
एसओ अभय सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने हादसे में शामिल कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

गांव में खेतों और देवस्थलों पर दीप जलाए:बस्ती के कप्तानगंज ब्लॉक में दीपावली पर निभाई जाती है परंपरा

बस्ती। आधुनिकता के दौर में भी गांवों में दीपावली मनाने की सदियों पुरानी परंपराएं आज भी जीवंत हैं। बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक क्षेत्र के गांवों में लोग दीपावली का पर्व केवल घरों को रोशन करके नहीं, बल्कि खेत-खलिहानों, देवस्थलों और प्रकृति के प्रति आस्था प्रकट करके मनाते हैं। इस परंपरा की शुरुआत सबसे पहले घर में मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ होती है। इसके बाद परिवार के लोग मिट्टी के दीपक लेकर अपने खेतों की ओर जाते हैं। वहां सबसे पहले खेत में दीपक जलाकर अन्नदाता धरती और अच्छी फसल की कामना करते हैं। इसके बाद खेतों में तैयार की गई खाद के स्थान पर भी दीपक रखा जाता है। गांव की इस परंपरा में धार्मिक आस्था के साथ खेती-किसानी और प्रकृति का भी विशेष महत्व दिखाई देता है। खेतों में दीपक जलाने के बाद ग्रामीण गांव के प्रमुख देवस्थलों पर पहुंचते हैं। वहां काली माता मंदिर, समय माता मंदिर सहित अन्य ग्राम देवस्थलों पर दीपक जलाकर सुख-समृद्धि और गांव की खुशहाली की कामना करते हैं। इसके बाद लोग अपने घर लौटते हैं और घर के दरवाजे, आंगन, छत, तुलसी चौरा तथा अन्य स्थानों पर दीपक सजाते हैं। इस तरह पूजा से शुरू हुआ दीपोत्सव खेतों से होते हुए पूरे गांव और घर-आंगन को रोशनी से भर देता है। खास बात यह है कि नई पीढ़ी भी इस परंपरा को अपने बुजुर्गों से सीख रही है। यह केवल दीप जलाने की रस्म नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, खेती, ग्राम देवताओं और पूर्वजों से जुड़ी आस्था को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी है। यही तो गांव की दीपावली है, जहां रोशनी सिर्फ घरों में नहीं, बल्कि खेतों, देवस्थलों और लोगों की आस्था में भी जगमगाती है।

प्रसव के बाद नवजात की मौत:परिजनों ने निजी अस्पताल में किया हंगामा; ऑपरेशन की बात पर जिला अस्पताल पहुंचे थे

श्रावस्ती के कोतवाली भिनगा इलाके में प्रसव के बाद नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने निजी अस्पताल में हंगामा किया। उन्होंने आशा कार्यकर्ता पर प्रसूता को सरकारी अस्पताल से निजी अस्पताल ले जाने और इलाज के नाम पर गुमराह करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच की और नवजात का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बन्ठिहवा गांव के इरफान प्रसव पीड़ा होने पर अपनी पत्नी आसमीन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिनगा ले गए थे। परिजनों के मुताबिक, वहां डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि अल्ट्रासाउंड के बाद आशा कार्यकर्ता सुग्गा देवी ने रिपोर्ट अपने परिचित डॉक्टर को दिखाने की बात कही और प्रसूता को निजी अस्पताल ले गई। रिपोर्ट दिखाने के बहाने महिला को वहां भर्ती कर लिया गया। परिजनों के अनुसार, निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने सामान्य प्रसव कराने की बात कहकर करीब दो घंटे तक इलाज किया। इसके बाद ऑपरेशन करने की बात कही गई। परिजनों ने ऑपरेशन जिला अस्पताल में कराने की बात कही और प्रसूता को वहां ले गए। परिजनों का कहना है कि जिला अस्पताल पहुंचने के करीब 10 मिनट के भीतर महिला का सामान्य प्रसव कराया गया, लेकिन नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिजन निजी अस्पताल पहुंचे और हंगामा किया। सूचना पर कोतवाली भिनगा के प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली और नवजात का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने आशा कार्यकर्ता और निजी अस्पताल की भूमिका पर आरोप लगाए हैं। और कार्रवाई की मांग की है।

फरेंदा विधायक ने कार्यालय में दीपावली मिलन समारोह किया:टी-पार्टी के बाद महुअवा और ओरीपुर में लक्ष्मी पूजा में शामिल हुए वीरेंद्र चौधरी

महराजगंज के फरेंदा से कांग्रेस विधायक और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी ने दीपावली पर अपने कार्यालय में टी-पार्टी और मिलन समारोह रखा। इसमें पार्टी के नेता, क्षेत्र के लोग और मीडिया के साथी शामिल हुए। कार्यक्रम सुबह शुरू होकर शाम तक चला। विधायक ने लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाई। उन्होंने लोगों से मिलकर उनका हालचाल भी जाना। समारोह में जिलाध्यक्ष विजय सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी, पूर्व चेयरमैन जयप्रकाश लाल श्रीवास्तव, डॉ. रामनारायन चौरसिया और चंदन तिवारी समेत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की बधाई दी और क्षेत्र के विकास पर चर्चा की। टी-पार्टी के बाद विधायक वीरेंद्र चौधरी ग्राम महुअवा उर्फ महुई के टोला महुअवा और ओरीपुर में मां लक्ष्मी पूजा समारोह में शामिल हुए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। विधायक ने मां लक्ष्मी से क्षेत्र के लोगों के सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक है और मां लक्ष्मी सभी के घरों में सुख-समृद्धि लाएं। महुअवा और ओरीपुर में पूजा समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक के पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल-माला से उनका स्वागत किया। विधायक ने भी उन्हें दीपावली की बधाई दी। वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि जनता का प्यार उनकी ताकत है और वे फरेंदा के विकास के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से दीपावली आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ मनाने की अपील की।

मेले में साइड लेने पर युवक को पीटा:बस्ती में चार लोगों पर केस दर्ज, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप

नगर थाना क्षेत्र के करहली स्थित गोरया मेले में साइड लेने की बात पर विवाद हुआ। आरोप है कि चार लोगों ने एक युवक को लात-घूंसे और डंडे से पीटा। उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने युवक की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, दयालपुर निवासी अंशू पाण्डेय पुत्र संतोष पाण्डेय ने शिकायत में बताया कि 7 नवंबर की शाम करीब सात बजे मेले में साइड लेने की बात पर विवाद हुआ।
आरोप है कि सिसवारी निवासी रघुवीर सिंह के बेटे प्रशांत कुमार, सिसवारी निवासी बदन सिंह के बेटे वारिश अली, शुभम चौधरी और देवापार निवासी अष्टभुजा शर्मा ने उनके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद लात-घूंसे और डंडे से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
नगर थाने में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक राममणि उपाध्याय को सौंपी गई है।
थाना प्रभारी राम प्रसाद यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जमुनहा में दीपावली पर घर-बाजार रोशनी से जगमगाए:नासिरगंज और मल्हीपुर के बाजारों में सजीं झालरें, लोगों ने परिवार के साथ मनाया त्योहार

जमुनहा, श्रावस्ती। दीपावली के पावन पर्व को लेकर श्रावस्ती जनपद के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला। त्योहार की शाम होते ही पूरे क्षेत्र में दीपावली की रौनक छा गई। लोगों ने अपने-अपने घरों को दीयों, मोमबत्तियों और रंग-बिरंगी इलेक्ट्रॉनिक लाइटों से सजाना शुरू कर दिया। जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र के नासिरगंज, मल्हीपुर समेत विभिन्न बाजारों में भी दीपावली की खास चमक देखने को मिली। बाजारों और दुकानों को आकर्षक झालरों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा बाजार जगमगा उठा। शाम ढलते ही घरों की छतों, दरवाजों और दुकानों पर जलते दीपक और टिमटिमाती लाइटें त्योहार की खुशियों को और बढ़ाने लगीं। वहीं, रात होते ही जगह-जगह पटाखों की आवाज गूंजने लगी। बच्चों से लेकर बड़ों तक में त्योहार को लेकर उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने परिवार के साथ दीपावली मनाई और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। रोशनी और उल्लास के बीच पूरा जमुनहा क्षेत्र दीपावली के रंग में रंगा नजर आया