बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के फुलवरिया निषाद निवासी 24 वर्षीय युवक अमित कुमार की चंदोताल में मछली पकड़ते समय डूबने से मौत हो गई। बृहस्पतिवार को हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने शव को ताल से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, अमित कुमार पुत्र गंगाराम बृहस्पतिवार को नाव से चंदोताल में मछली पकड़ने गया था। मछली पकड़ते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में गिरकर डूबने लगा।
उसके साथ दूसरी नाव पर सवार गांव के एक युवक ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। युवक ने ताल से बाहर निकलकर अन्य लोगों को घटना की सूचना दी।
खबर मिलते ही कई लोग नाव लेकर ताल में पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद अमित को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर नगर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी विश्व मोहन राय ने परिजनों से बात की। हालांकि, देर शाम तक परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे।












